सोनीपत: इनेलो के संघर्षों के साथी ब्रिगेडियर ओपी चौधरी को अंतिम विदाई दी
सोनीपत: शिक्षा बोर्ड के पूर्व चेयरमैन ओपी चौधरी को अंतिम विदाई देते हुए।
- ब्रिगेडियर ओपी चौधरी को अंतिम विदाई देने पहुंचे सेना अधिकारी, शिक्षाविद और राजनेता
सोनीपत, अजीत कुमार। पूर्व ब्रिगेडियर, इनेलो के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के पूर्व चेयरमैन और राई खेल विद्यालय के पूर्व निदेशक ओपी चौधरी का अंतिम संस्कार शनिवार को सोनीपत में किया गया। अंतिम विदाई देने के लिए सेना अधिकारी, शिक्षाविद और राजनेता पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि दी। भारतीय सेना की तरफ से भी उच्च स्तरीय अधिकारियों द्वारा चौधरी को श्रद्धांजलि दी गई।
इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला की ओर से जिलाध्यक्ष कुणाल गहलावत ने पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित किया। अभय सिंह चौटाला ने संदेश में कहा कि ओपी चौधरी का निधन शिक्षा, खेल, प्रशासन और सामाजिक क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए निष्ठा और अनुशासन के साथ सेवाएं दीं। जिलाध्यक्ष कुणाल गहलावत ने कहा कि ओपी चौधरी ने चौधरी ओमप्रकाश चौटाला के संघर्ष में पूरी उम्र साथ दिया। बाद में उन्होंने अभय सिंह चौटाला को भी अपना आशीर्वाद दिया। पार्टी के हर संघर्ष में वे साथ खड़े रहे और कभी इनेलो से अलग नहीं हुए। उन्होंने पार्टी में विभिन्न पदों पर रहते हुए संगठन को मजबूत किया और कई जिलों के प्रभारी की जिम्मेदारी भी संभाली।
अभय सिंह चौटाला की बड़ी बहन सुचित्रा देवी और उनके भांजे प्रतीक मुंडाल अंतिम संस्कार में पहुंचे। दोनों ने पार्थिव शरीर पर श्रद्धासुमन अर्पित कर शोकाकुल परिवार से मुलाकात की और सांत्वना दी। अंतिम संस्कार में उपभोक्ता अदालत के पूर्व न्यायाधीश कृष्ण मलिक, पूर्व महापौर प्रत्याशी आनंद खत्री, युवा जिलाध्यक्ष विकास मलिक, महिला जिलाध्यक्ष मंजीत फोगाट, जयदीप सरोहा, अधिवक्ता अमित मलिक, महेंद्र सैनी, पूर्व विधायक सुरेंद्र पवार, सुरेंद्र छिक्कारा, पूर्व विधायक अशोक अरोड़ा, अशोक खत्री जटवाड़ा, प्रदीप सांगवान, धर्मराज कोच, सुमित राणा और संदीप ठरू सहित इनेलो के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षाविद मौजूद रहे। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि ओपी चौधरी के विचार और समाज के लिए किए गए कार्य हमेशा याद किए जाएंगे।
