तिरंगा यात्रा: शहीदों के सम्मान में भाजपा ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा
तिरंगा यात्रा के अवसर पर उपस्थित भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अर्चना गुप्ता सहित अन्य नेता व कार्यकर्ता।
गन्नौर, अजीत कुमार। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में मंगलवार को शहीदों के सम्मान और उनके बलिदान को याद करते हुए भाजपा की ओर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। भाजपा नेता देवेंद्र कौशिक के नेतृत्व में निकाली गई यात्रा में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अर्चना गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। यात्रा का शुभारंभ रेलवे स्टेशन से हुआ। इसके बाद यात्रा रेलवे रोड से होते हुए नई अनाज मंडी पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने कहा कि देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों की स्मृति और सम्मान में हर वर्ष तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान और तिरंगा यात्रा प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करने का माध्यम है। इसका उद्देश्य लोगों को शहीदों के बलिदान से प्रेरणा लेने तथा आने वाली पीढ़ी तक उनके त्याग और संघर्ष की गाथा पहुंचाने के लिए जागरूक करना है।
अर्चना गुप्ता ने कहा कि असंख्य वीर शहीदों के बलिदान के कारण ही आज देशवासी स्वतंत्र वातावरण में जीवन जी रहे हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह शहीदों के बलिदान को सदैव स्मरण करे और उनके प्रति सम्मान की भावना बनाए रखे।
भाजपा नेता देवेंद्र कौशिक ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। तिरंगा यात्राओं से समाज में राष्ट्रभक्ति की भावना मजबूत होने के साथ आपसी सौहार्द और भाईचारे को भी बढ़ावा मिलता है।
यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, युवा और स्थानीय नागरिक तिरंगा लेकर शामिल हुए। इस अवसर पर विधायक पवन खरखौदा, पूर्व विधायक निर्मल चौधरी, भाजपा जिला प्रभारी सतीश नांदल, जिलाध्यक्ष अशोक भारद्वाज, जिला महामंत्री नीरज कुमार ठरू, सोनीपत मेयर राजीव जैन, मार्केट कमेटी चेयरमैन निशांत छौक्कर, वाइस चेयरमैन योगेश कौशिक, नगरपालिका अध्यक्ष अरुण त्यागी, शशिकांत भारद्वाज और गौरव जैन सहित अन्य नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
फोटो में देखें भाजपा की तिरंगा यात्रा






