September 24, 2026

सोनीपत क्राइम: कुंडली बॉर्डर पर 19 पेटी अवैध शराब बरामद, दो गिरफ्तार

Sonipat 19 cartons of illicit liquor seized at Kundli border; two arrested.

सोनीपत: पुलिस द्वारा काबू की गई शराब की पेटियां।

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत के कुंडली बॉर्डर पर नाकेबंदी के दौरान पुलिस ने एक कार से 19 पेटी अवैध शराब बरामद कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों युवक शराब लेकर सोनीपत से दिल्ली की तरफ जा रहे थे। पुलिस ने शराब और कार को कब्जे में लेकर दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, बुधवार रात के समय उपनिरीक्षक नसीम साथी हवलदार सोमबीर, चालक विकास और सरकारी वाहन के साथ कुंडली बॉर्डर मोड़ पर गश्त व जांच कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि सफेद रंग की हुंडई ऑरा कार में दो युवक अवैध शराब लेकर दिल्ली की तरफ जाएंगे। सूचना पर पुलिस टीम कुंडली बॉर्डर पहुंची, जहां नाका प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार अन्य कर्मचारियों के साथ मौजूद थे। पुलिस को सूचना से अवगत कराने के बाद बैरिकेड लगाकर वाहनों की जांच शुरू की गई।

कुछ देर बाद सफेद रंग की हुंडई ऑरा कार आती दिखाई दी। पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा किया तो उसने कार मोड़कर तेज गति से निकलने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा कर कार को रुकवाया और दोनों युवकों को काबू कर लिया। कार की जांच करने पर उसकी डिग्गी और पिछली सीट से शराब की पेटियां बरामद हुईं। चालक की पहचान दीवारी लाल निवासी गांधी नगर, गीता कॉलोनी, 10 ब्लॉक, दिल्ली और दूसरे युवक की पहचान हरिओम निवासी गांधी नगर, गीता कॉलोनी, 10 ब्लॉक, दिल्ली के रूप में हुई। बरामद शराब में नाइट ब्लू की पांच पेटी, रेस 7 की सात पेटी और संतरा देशी शराब की सात पेटी शामिल हैं। तीनों ब्रांड जाहरी गांव स्थित फ्रॉस्ट फाल्कन डिस्टिलरीज लिमिटेड के बताए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, दोनों युवकों से शराब का परमिट और लाइसेंस मांगा गया, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके। शराब की बरामदगी की वीडियो ई-साक्ष्य ऐप पर भी बनाई गई। पुलिस ने शराब और कार को केस संपत्ति के तौर पर कब्जे में लेकर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।

About The Author