सोनीपत: मिशन मुस्कान में पुलिस की तत्परता, बच्चा परिजनों को मिला
सोनीपत: बिछड़े बच्चे को परिवार को सौंपते हुए पुलिस कर्मी।
सोनीपत, अजीत कुमार। मिशन मुस्कान अभियान के तहत सोनीपत पुलिस की सतर्कता से एक नाबालिग बच्चा गुरुवार को सुरक्षित परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस को सूचना मिली कि शास्त्री कॉलोनी का रहने वाला बच्चा, जो इन दिनों दिल्ली के गांव नांगल ठकरान में किराये पर रह रहा था, लावारिस हालत में मिला है। सूचना मिलते ही थाना खरखौदा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और बच्चे की पहचान व परिजनों का पता लगाने का काम शुरू किया।
पुलिस प्रवक्ता रविंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस आयुक्त ममता सिंह के निर्देश पर जिले की सभी पुलिस इकाइयों को गुमशुदा और लापता बच्चो की जल्द तलाश के आदेश दिए गए हैं। इसी के तहत टीम ने आसपास के इलाको में पूछताछ की, स्थानीय लोगो से जानकारी जुटाई और जरूरी जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने बच्चो के परिजनों की पहचान कर ली। सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बच्चे को उसके वैध अभिभावको के सुपुर्द कर दिया गया। बच्चा पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ मिला। बच्चे के मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का धन्यवाद किया। पुलिस ने कहा कि मिशन मुस्कान के तहत गुमशुदा बच्चो को ढूंढने और जरूरतमंद लोगो की मदद करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी आपात स्थिति में पुलिस तुरंत सहायता के लिए तैयार है।
