May 1, 2026

सोनीपत: दो सौ करोड़ से बनेगा एकीकृत कमांड नियंत्रण केंद्र

Sonepat Integrated Command Control Center to be built with Rs 200 crore

सोनीपत: पार्क में वृद्ध नागिरकों से आशीर्वाद लेते हुए राजीव जैन।

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत में भाजपा के मेयर उम्मीदवार राजीव जैन ने शुक्रवार को शहर के कई इलाकों में जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों से समर्थन मांगा। उन्होंने कहा कि सोनीपत को आधुनिक और सुविधाजनक शहर बनाने के लिए लगभग 200 करोड़ रुपये की लागत से एकीकृत कमांड एवं नियंत्रण केंद्र बनाया जाएगा। यह केंद्र सीसीटीवी और अन्य तकनीक के माध्यम से शहर की व्यवस्थाओं की निगरानी करेगा।

उन्होंने बताया कि इस केंद्र से पानी और बिजली की आपूर्ति, सफाई व्यवस्था, यातायात संचालन, भवन प्रबंधन, शहर की कनेक्टिविटी और इंटरनेट ढांचे पर नजर रखी जाएगी। इसके साथ ही अपराध पर नजर रखने के लिए अपराध एवं आपराधिक ट्रैकिंग नेटवर्क से भी जोड़ा जाएगा। उनका कहना है कि इस व्यवस्था से लोगों की समस्याओं का समय सीमा में समाधान संभव होगा और शहर को स्वच्छ व टिकाऊ वातावरण मिलेगा।

जनसंपर्क अभियान के दौरान उन्होंने सुभाष चौक कमेटी पार्क, कालूपुर चुंगी, कामी रोड, सतगुरु भरतु शाह आश्रम, मामा भांजा दरगाह, देवडू रोड, जगदीशपुर, ब्रह्माकुमारी आश्रम, चिंतपूर्णी कॉलोनी, वेस्ट रामनगर, वाल्मीकि बस्ती, इंडियन कॉलोनी और हनुमान नगर सहित कई स्थानों पर सभाएं कीं। लोगों ने उनका स्वागत कर समर्थन देने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार विकास को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है।

मॉडल टाउन स्थित ब्रह्माकुमारी आश्रम में उन्होंने रमा दीदी से आशीर्वाद लिया। इस दौरान लोगों ने नगर निगम चुनाव में भाजपा की जीत का भरोसा जताया। राजीव जैन ने कहा कि नौ महीने के अपने पिछले कार्यकाल में उन्होंने कई विकास कार्य कराए और दोबारा मौका मिलने पर अगले पांच वर्षों में नगर निगम क्षेत्र का पूरा विकास करेंगे। कार्यक्रम में नरेश छाबड़ा, शमशेर तूफान, रोहित मुंजाल, मनोज गर्ग, पवन सोलंकी, किशोर, आरती शर्मा, प्रह्लाद गोयल, मनीष, धर्मबीर, सोनू सुहाग, मोहन प्रधान और बंटी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

About The Author