सोनीपत: स्वर्ण पदक विजेता सैनिक धावक को सेना की ओर से श्रद्धाजंलि
सोनीपत: कृष्ण आंतिल का फाइल फोटो।
सोनीपत, अजीत कुमार। भारतीय सेना के लांस नायक और स्वर्ण पदक विजेता एथलीट कृष्ण आंतिल की शुक्रवार को रस्म तेहरवीं गांव खेवड़ा में हुई। उनकी रेजिमेंट की ओर से कमांडिंग आफिसर के प्रतिनिधि के रूप में एक नायब सूबेदार, दो एनसीओ और एक लांस नायक गांव पहुंचे और शोक संवेदना संदेश उनकी माता पूजा देवी को सौंपा। पूरे गांव में शोक का माहौल रहा और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने श्रद्धांजलि दी।
कृष्ण आंतिल का जन्म 23 अप्रैल 2000 को सोनीपत जिले के गांव खेवड़ा में हुआ था। शुरुआती पढ़ाई गांव के निजी स्कूल में हुई। बचपन से ही दौड़ में रुचि रखने वाले कृष्ण ने स्कूल स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक कई प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया और एक दर्जन से अधिक पदक जीते। उनकी खेल प्रतिभा के आधार पर 10 मई 2021 को भारतीय सेना में भर्ती हुई और उनकी पोस्टिंग 110 मीडियम रेजिमेंट में हुई। खेल गतिविधियों के कारण वे अधिकतर समय हैदराबाद में प्रशिक्षण लेते रहे। उन्होंने स्कूल नेशनल, आर्मी सर्विस गेम्स, क्रॉस कंट्री और कमांड स्तर की प्रतियोगिताओं में रजत व स्वर्ण पदक हासिल किए।
23 अप्रैल 2026 को रूड़की में सेना की खेल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने के बाद वे कार से अपने गांव लौट रहे थे। बड़ौत के पास उनकी कार पुलिया से टकरा गई और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। सूचना मिलते ही परिवार और गांव में शोक फैल गया। ग्रामीणों ने यमुना घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया, जहां क्षेत्रीय विधायक कृष्ण गहलोत ने भी संवेदना व्यक्त की। सेना की ओर से नायब सूबेदार जयबीर, हवलदार सतबीर, हवलदार सुजीत और लांस नायक मुकेश हुड्डा मौजूद रहे।
परिजनों ने बताया कि एक साल पहले उनके पिता का निधन हो चुका था और उनका छोटा भाई भी सेना में सेवा दे रहा है। स्थानीय लोगों ने कहा कि कृष्ण का जाना क्षेत्र और देश के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने एक होनहार धावक और समर्पित सैनिक के रूप में पहचान बनाई थी।
