राजीव जैन: सोनीपत में भाजपा मेयर उम्मीदवार राजीव जैन ने संतो से आशीर्वाद लिया
सोनीपत: पंचायती निरंजनी अखाड़ा के महामंडलेश्वर पट्टाभिषेक में राजीव जैन आशीर्वाद लेते हुए।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत में भाजपा के मेयर उम्मीदवार राजीव जैन ने गुरुवार को व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों से समर्थन मांगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगले पांच वर्षों में नगर निगम क्षेत्र की आधारभूत संरचना मजबूत करने और शहर के संतुलित विकास पर प्राथमिकता से काम किया जाएगा।
जनसंपर्क के दौरान राजीव जैन गुरुवार को पंचायती निरंजनी अखाड़ा के महामंडलेश्वर पट्टाभिषेक समारोह में पहुंचे और संतों का आशीर्वाद लिया। वार्ड नंबर दस नई अनाज मंडी में व्यापारियों का समर्थन स्पष्ट दिखाई दिया। चुनाव प्रचार के बीच उन्होंने हरियाणा की पहली महिला नंबरदार सुनीता से मुलाकात कर इसे नारी सशक्तिकरण की प्रेरक पहल बताया और इसे नारी शक्ति वंदन के संकल्प से जोड़ा। सुबह महलाना रोड स्थित पार्कों में स्थानीय लोगों से बातचीत कर विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
इस दौरान पूर्व मंत्री कविता जैन, पूर्व विधायक अनिल ठक्कर, ललित बत्रा, जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज, नवीन मंगला, संजय वर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। राजीव जैन ने बताया कि निगम क्षेत्र में लगभग 390 करोड़ रुपये से आधुनिक जल निकासी प्रणाली बनाई जाएगी। गांव राठधाना में 90 करोड़ और देवडू में 20 करोड़ रुपये से नए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किए जाएंगे। शहर में जल आपूर्ति सुदृढ़ करने के लिए करीब 50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने महलाना रोड पार्क, राधा स्वामी सत्संग भवन मुरथल रोड, न्यू अनाज मंडी, आदर्श नगर, खेवड़ा रोड, गढ़ी ब्राह्मणान, कोर्ट रोड, अशोक विहार, राम नगर, विशाल नगर और कालूपुर चुंगी सहित कई स्थानों पर सभाएं कर समर्थन मांगा। लोगों ने फूल मालाओं से स्वागत किया।
उन्होंने कहा कि दोबारा मेयर बनने पर बिजली, पानी, सीवर, सफाई और पार्किंग समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए लगातार काम होगा। शहर के सौंदर्यीकरण और निगम में शामिल गांवों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी। पार्टी कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि मिल रहा जनसमर्थन विकास और पारदर्शिता के पक्ष में है।
