सोनीपत: 10 साल से जरूरतमंद बच्चों के लिए शिक्षा की राह आसान बना रही शिक्षा सेवा समिति
सोनीपत, राजन गिल। शिक्षा सेवा समिति के 10 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सिक्का कॉलोनी स्थित विजय हाई स्कूल में समारोह आयोजित किया गया। समाजसेवी के.एल. तनेजा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम में बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, नृत्य और अपने विचार प्रस्तुत कर सभी का उत्साह बढ़ाया।

समिति के संस्थापक जवाहर रहेजा एवं सुरेंद्र मदान ने मुख्य अतिथि का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया। बच्चों की प्रस्तुतियों के आधार पर उन्हें पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान समिति की ओर से बच्चों और अतिथियों के लिए नाश्ते की व्यवस्था भी की गई।
समिति के संस्थापक जवाहर रहेजा ने बताया कि शिक्षा सेवा समिति पिछले 10 वर्षों से आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए कार्य कर रही है। अब तक समिति 400 से अधिक बच्चों को निःशुल्क शिक्षा प्रदान कर चुकी है। उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य ऐसे बच्चों को शिक्षा का अवसर देना है, जो पढ़ना चाहते हैं, लेकिन परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण विद्यालय की फीस वहन नहीं कर पाते।

समिति की ओर से बच्चों को शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित भी किया जाता है। समारोह में समिति की दस वर्ष की सेवा यात्रा को याद करते हुए शिक्षा के माध्यम से जरूरतमंद बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के संकल्प को दोहराया गया।
इस अवसर पर अशोक छाबड़ा, पवन आर्य, मनोज सेतिया, विनीत छाबड़ा, पुष्कर, विष्णु, अनिल गौड़, मनोहर डेम्बला, वीरेंद्र सेतिया, के.सी. ठाकुर, आर.के. सेतिया, संजीव कुमार, मीनू डावरा और वीना कुकरेजा सहित समिति के सदस्य एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
