May 22, 2026

एसबीआई बैंक : 23 से 28 मई तक लगातार बंद रह सकती हैं एसबीआई शाखाएं, आज ही निपटा लें जरूरी काम

SBI branches may remain closed from May 23 to 28, complete important work today

23 से 28 मई तक लगातार बंद रह सकती हैं एसबीआई शाखाएं, आज ही निपटा लें जरूरी काम।

नई दिल्ली, अजीत कुमार।  देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के ग्राहकों को ब्रांच से जुड़े अपने जरूरी काम 22 मई, शुक्रवार तक निपटा लेने चाहिए। दरअसल, 23 मई से 28 मई 2026 के बीच बैंक शाखाओं में लगातार छह दिनों तक कामकाज प्रभावित रहने की आशंका है। इसकी वजह वीकेंड की छुट्टियां, कर्मचारियों की प्रस्तावित दो दिवसीय हड़ताल और बकरीद को लेकर घोषित अवकाश हैं।

23 मई को महीने का चौथा शनिवार और 24 मई को रविवार होने के कारण देशभर के बैंक बंद रहेंगे। इसके बाद ऑल इंडिया स्टेट बैंक स्टाफ फेडरेशन (एआईएसबीआईएसएफ) ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 25 और 26 मई को दो दिन की राष्ट्रव्यापी हड़ताल का प्रस्ताव दिया है। वहीं, बकरीद (ईद-उल-अजहा) के अवसर पर RBI ने 27 और 28 मई को अलग-अलग राज्यों में बैंक अवकाश घोषित किया है। अधिकांश राज्यों में 27 मई को बैंक बंद रहेंगे, जबकि कुछ क्षेत्रों में 28 मई को भी छुट्टी रहेगी। जम्मू-कश्मीर में दोनों दिन बैंक बंद रहेंगे।

(एआईएसबीआईएसएफ) ने कर्मचारियों के हितों और कार्य परिस्थितियों में सुधार की मांग को लेकर हड़ताल का ऐलान किया है। संगठन ने मेसेंजर्स और आर्म्ड गार्ड्स की भर्ती, पर्याप्त स्टाफ नियुक्ति, आउटसोर्सिंग पर रोक, मेडिकल सुविधाओं में सुधार और पेंशन संबंधी मुद्दों सहित 16 प्रमुख मांगें उठाई हैं।

हड़ताल का सबसे अधिक असर बैंकिंग सेवाओं पर पड़ सकता है। चेक क्लियरिंग, कैश जमा-निकासी, पासबुक अपडेट और शाखाओं में होने वाले अन्य कार्य प्रभावित हो सकते हैं। हालांकि, ऑनलाइन बैंकिंग और एटीएम सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहने की संभावना है। ऐसे में ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे अपने जरूरी बैंकिंग कार्य समय रहते पूरे कर लें।

 

About The Author