सोनीपत खबर: दुकान में घुसकर कारीगरों को जिंदा जलाने की धमकी पुलिस जांच शुरु
सोनीपत:सीसीटीवी में कैद हुई युवकों की फोटो।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत जिले के गोहाना शहर में गणेश मार्केट स्थित एक ज्वेलर्स दुकान पर पहुंचे दो युवकों ने कारीगरों को जान से मारने और जिंदा जलाने की धमकी दी। घटना के बाद दुकान में काम कर रहे कारीगर दहशत में आ गए। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। पीड़ित ने गोहाना सिटी थाना पुलिस को शिकायत देकर जान-माल की सुरक्षा की मांग की है।
कृष्णा कॉलोनी निवासी साहिल कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने करीब तीन महीने पहले गणेश मार्केट में यूवी ज्वेलर्स नाम से दुकान शुरू की थी। दुकान पर कई कारीगर काम करते हैं। बुधवार दोपहर को दो युवक बाइक पर दुकान के बाहर पहुंचे। एक युवक बाइक पर बैठा रहा, जबकि दूसरा दुकान के अंदर घुस गया। उसके हाथ में एक कैन थी, जिसमें ज्वलनशील पदार्थ होने की आशंका जताई गई है।
घटना के समय दुकान मालिक मौजूद नहीं था। युवक ने कारीगरों से मालिक के बारे में पूछा, धमकी देते हुए कहा कि यहां से चले जाओ, नहीं तो जान से मार देंगे। आरोप है कि युवक ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया। कारीगरों ने जब युवक से सवाल किया तो उसने कैन दिखाते हुए कहा कि इसमें तेल है, ज्यादा पूछताछ की तो जला देंगे।
धमकी देने के बाद दोनों युवक मौके से फरार हो गए। घटना के बाद दुकानदार ने सीसीटीवी फुटेज और आरोपितों की तस्वीरें पुलिस को सौंप दीं। गोहाना सिटी थाना पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपितों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जा सके।
