June 27, 2026

सेशेल्स पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी: राष्ट्रीय दिवस समारोह में होंगे मुख्य अतिथि

Prime Minister Modi arrives in Seychelles; will be the chief guest at the National Day celebrations.

PM मोदी सेशेल्स नेशनल बोटैनिकल गार्डन पहुंचे और वहां पर कछुए को पत्ते खिलाए।

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर शनिवार को सेशेल्स पहुंचे, जहां राजधानी विक्टोरिया स्थित अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रधानमंत्री को औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर भी प्रदान किया गया। हवाई अड्डे पर भारतीय समुदाय के लोगों ने पारंपरिक उत्साह के साथ उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर कच्छ के लोकनृत्य की रंगारंग प्रस्तुति ने स्वागत समारोह को और भी विशेष बना दिया।

सेशेल्स पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति हर्मिनी के साथ राष्ट्रीय वनस्पति उद्यान पहुंचे। वहां उन्होंने एक पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और सेशेल्स के प्रसिद्ध अल्डाब्रा विशालकाय कछुओं को भोजन भी कराया। यह प्रजाति अपनी असाधारण लंबी आयु के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है और इसकी औसत आयु लगभग डेढ़ सौ वर्ष मानी जाती है।

प्रधानमंत्री 29 जून को सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस वर्ष देश अपनी स्वतंत्रता की स्वर्ण जयंती मना रहा है। समारोह में भारतीय सशस्त्र बलों की एक टुकड़ी तथा भारतीय नौसेना के दो युद्धपोत भी भाग लेंगे, जो दोनों देशों के मजबूत रक्षा और सामरिक सहयोग का प्रतीक होंगे।

यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री सेशेल्स की राष्ट्रीय विधानसभा को भी संबोधित करेंगे। वह ऐसा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री होंगे। इसके अलावा वह वहां रह रहे भारतीय समुदाय से मुलाकात कर दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक और सामाजिक संबंधों को और मजबूत करेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और सेशेल्स के बीच राजनयिक संबंधों के पचास वर्ष पूरे हो चुके हैं। दोनों देशों के संबंध आपसी विश्वास, लोकतांत्रिक मूल्यों, समुद्री सुरक्षा और विकास की साझा सोच पर आधारित हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह यात्रा हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा, आर्थिक सहयोग और रणनीतिक साझेदारी को नई मजबूती प्रदान करेगी।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी वर्ष 2015 के बाद दूसरी बार सेशेल्स पहुंचे हैं। इससे पहले पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने 1976 और 1981 में सेशेल्स का दौरा किया था। भारत लंबे समय से सेशेल्स को समुद्री सुरक्षा, तटीय निगरानी, रक्षा सहयोग और क्षमता निर्माण के क्षेत्र में सहयोग देता रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह यात्रा हिंद महासागर क्षेत्र में भारत की रणनीतिक भूमिका को और अधिक मजबूत करेगी।

About The Author