नायरा एनर्जी ने घटाए पेट्रोल-डीजल के दाम: उपभोक्ताओं को मिली बड़ी राहत
नायरा एनर्जी ने घटाए पेट्रोल-डीजल के दाम, उपभोक्ताओं को मिली बड़ी राहत
नई दिल्ली। देश की प्रमुख निजी ईंधन खुदरा कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बड़ी कटौती कर उपभोक्ताओं को राहत दी है। कंपनी ने पेट्रोल के दाम में 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल के दाम में 3 रुपये प्रति लीटर की कमी की है। नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं। कटौती के बाद भोपाल में पेट्रोल की कीमत 119.79 रुपये प्रति लीटर और डीजल 102.57 रुपये प्रति लीटर हो गई है।
नायरा एनर्जी के देशभर में सात हजार से अधिक पेट्रोल पंप संचालित हैं और ईंधन खुदरा बाजार में कंपनी की लगभग सात प्रतिशत हिस्सेदारी है। हालांकि विभिन्न राज्यों में स्थानीय कर और मूल्य वर्धित कर की अलग-अलग दरों के कारण पेट्रोल और डीजल की कीमतों में शहरवार थोड़ा अंतर देखने को मिल सकता है।
विशेषज्ञों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट के कारण यह राहत संभव हो सकी है। हाल के दिनों में कच्चे तेल का भाव घटकर लगभग 73 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है। इससे पहले पश्चिम एशिया में बढ़े तनाव के दौरान इसकी कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल के पार चली गई थी। अब हालात सामान्य होने से वैश्विक बाजार में तेल सस्ता हुआ है, जिसका लाभ नायरा एनर्जी ने सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचाया है।
वहीं, सरकारी तेल कंपनियों इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने फिलहाल अपने ईंधन मूल्यों में कोई बदलाव नहीं किया है। उल्लेखनीय है कि मई माह में इन सरकारी कंपनियों ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों का हवाला देते हुए चरणबद्ध तरीके से पेट्रोल और डीजल दोनों के दामों में कुल 7.50 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी।
देश के एक लाख से अधिक पेट्रोल पंपों में से 90 प्रतिशत से ज्यादा का संचालन इन्हीं तीन सरकारी कंपनियों के पास है। ऐसे में उपभोक्ताओं की नजर अब इस बात पर टिकी है कि क्या सरकारी कंपनियां भी जल्द ईंधन कीमतों में कटौती कर आम लोगों को राहत देंगी।
