June 30, 2026

सोनीपत: सीवर और दूषित पेयजल पर मेयर सख्त, अधिकारियों व ठेकेदारों को किया तलब

Mayor takes a tough stance on sewage and contaminated drinking water; summons officials and contractors.

सीवर और दूषित पेयजल पर मेयर सख्त, अधिकारियों व ठेकेदारों को किया तलब

सोनीपत, अजीत कुमार। शहर में सीवर जाम और दूषित पेयजल की लगातार बढ़ती शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम के महापौर राजीव जैन ने अधिकारियों और संबंधित ठेकेदारों के प्रति कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए सभी संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों को बुधवार सुबह नगर निगम कार्यालय में जवाबदेही के लिए तलब किया है।

बैठक से पहले महापौर राजीव जैन ने शहर के विभिन्न सीवर डिस्पोजलों का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नगर निगम आयुक्त हर्षित कुमार से सीवर निकासी और पेयजल आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। महापौर ने कहा कि विशेष रूप से लाइन पार क्षेत्र में सीवर का पानी भरने की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Mayor takes a tough stance on sewage and contaminated drinking water; summons officials and contractors.
सीवर और दूषित पेयजल पर मेयर सख्त, अधिकारियों व ठेकेदारों को किया तलब

निरीक्षण के दौरान महापौर ने पाया कि बिजली के अघोषित कटौती के समय उपयोग होने वाले जनरेटरों में पर्याप्त ईंधन तक उपलब्ध नहीं था। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए इसे घोर लापरवाही बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

महापौर ने बताया कि पार्षद राजेश मलिक, नवीन कुमार तथा पार्षद प्रतिनिधि संजय बड़वासनी और मुकेश सैनी ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में सीवर जाम और दूषित पेयजल की गंभीर समस्या से अवगत कराया है। इन सभी शिकायतों पर अधिकारियों से विस्तृत जवाब मांगा जाएगा।

उन्होंने कहा कि सीवर जाम रहने से संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए इस समस्या का स्थायी समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। एक अन्य प्रश्न के उत्तर में उन्होंने बताया कि सड़क सफाई का ठेका समाप्त होने के कारण भी दिक्कतें बढ़ी हैं। अब तीसरी बार नया टेंडर जारी किया गया है और आवेदन प्राप्त होने के बाद दस्तावेजों की जांच कर शीघ्र नई एजेंसी का चयन किया जाएगा।

About The Author