मानसून ने पकड़ी रफ्तार: 13 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, तेज हवाओं और वज्रपात की चेतावनी
मानसून ने पकड़ी रफ्तार: 13 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, तेज हवाओं और वज्रपात की चेतावनी।
- दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल, राजस्थान और झारखंड समेत कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक झमाझम बारिश के आसार, लोगों को सतर्क रहने की सलाह
नई दिल्ली, अजीत कुमार। देशभर में भीषण गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है। दक्षिण-पश्चिम मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है और आने वाले दिनों में देश के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना मजबूत कम दबाव का क्षेत्र अगले तीन दिनों में उत्तर ओडिशा और छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ेगा। इसके प्रभाव से मध्य, पश्चिम और उत्तर भारत के कई राज्यों में अगले चार से पांच दिनों तक लगातार बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल सहित 13 राज्यों के लिए हल्की से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही कई क्षेत्रों में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा वज्रपात होने की भी आशंका जताई गई है।
दिल्ली में आज से बदलेगा मौसम
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 5 से 7 जुलाई के बीच बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है। दिल्ली में अधिकतम तापमान लगभग 37 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश में कई दिनों तक बरसेंगे बादल
उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। मौसम विभाग के अनुसार 5 से 10 जुलाई तक प्रदेश के अधिकांश जिलों में वर्षा का सिलसिला जारी रहेगा। पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अलग-अलग दिनों में व्यापक बारिश होने की संभावना है। 8 से 10 जुलाई के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश तथा 9 और 10 जुलाई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी वर्षा हो सकती है। मेघगर्जन और वज्रपात को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है।
मौसम संबंधी चेतावनी
मुख्य बिंदु
(i) उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक सुस्पष्ट निम्न दाब क्षेत्र (Well-Marked Low Pressure Area) बना हुआ है। इसके प्रभाव से अगले 4–5 दिनों के दौरान देश के मध्य भागों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के सक्रिय रहने की संभावना है।
(ii) 04 से 07 जुलाई… pic.twitter.com/HsAuL0N9Ia— India Meteorological Department (@Indiametdept) July 4, 2026
बिहार, उत्तराखंड और हिमाचल में भारी वर्षा का खतरा
बिहार में 5 से 10 जुलाई तक रुक-रुककर बारिश होने का अनुमान है। कई स्थानों पर तेज हवाएं, वज्रपात और भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
उत्तराखंड में पर्वतीय क्षेत्रों में बहुत भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। लगातार बारिश के कारण भूस्खलन, नदियों के जलस्तर में वृद्धि और सड़क मार्ग बाधित होने की आशंका है।
हिमाचल प्रदेश में भी 10 जुलाई तक व्यापक वर्षा का अनुमान है। विशेष रूप से 6 और 7 जुलाई को कई जिलों में अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। प्रशासन ने पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
राजस्थान और झारखंड में भी सक्रिय रहेगा मानसून
राजस्थान में पूर्वी और पश्चिमी दोनों क्षेत्रों में मानसून की गतिविधियां तेज रहेंगी। पूर्वी राजस्थान में कई स्थानों पर भारी से अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना है, जबकि पश्चिमी राजस्थान में भी अच्छी बारिश होने का अनुमान है।
झारखंड में 5 से 8 जुलाई तक अधिकांश जिलों में वर्षा जारी रहने की संभावना है। कई स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों को खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है।
प्रमुख शहरों का अनुमानित तापमान
दिल्ली 37/30 डिग्री सेल्सियस, मुंबई 27/27, चेन्नई 36/29, कोलकाता 31/28, लखनऊ 36/31, पटना 36/29, रांची 27/24, भोपाल 31/26, जयपुर 37/29, शिमला 27/21 तथा नैनीताल 27/22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, बिजली चमकने के समय खुले स्थानों या पेड़ों के नीचे शरण न लें तथा प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
