विंबलडन में बड़ा उलटफेर: ईला ने स्वियातेक को हराकर रचा इतिहास
फिलिपिंस की ईला जीत के बाद भावुक हो गईं और कोर्ट पर बैठ गईं।
- डिफेंडिंग चैंपियन स्वियातेक टूर्नामेंट से बाहर, ईला की ऐतिहासिक जीत
लंदन। विंबलडन टेनिस चैंपियनशिप में शनिवार को सबसे बड़ा उलटफेर देखने को मिला। फिलीपींस की 21 वर्षीय युवा खिलाड़ी एलेक्जेंड्रा ईला ने महिला एकल मुकाबले में मौजूदा चैंपियन और दुनिया की तीसरी वरीयता प्राप्त इगा स्वियातेक को सीधे सेटों में 7-6 (9), 6-2 से हराकर प्रतियोगिता से बाहर कर दिया। इस जीत के साथ ईला किसी भी ग्रैंड स्लैम के महिला एकल प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाली फिलीपींस की पहली खिलाड़ी बन गई हैं।
मैच जीतने के बाद ईला भावुक हो गईं और कोर्ट पर घुटनों के बल बैठकर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि यह जीत उनके परिवार, देश और उन सभी छोटी लड़कियों के नाम है जो बड़े सपने देखने का साहस रखती हैं।
बचपन का सपना बना ऐतिहासिक उपलब्धि
एलेक्जेंड्रा ईला ने बताया कि उनके देश में घास वाले टेनिस कोर्ट उपलब्ध नहीं थे। ऐसे में उन्होंने बास्केटबॉल कोर्ट पर अभ्यास कर अपने खेल को निखारा। उन्होंने कहा कि स्कूल से लौटने के बाद विशेष जूते पहनकर रोज अभ्यास करने जाती थीं और आज वही मेहनत उन्हें इस मुकाम तक लेकर आई है।
कभी स्वियातेक ने दिया था प्रेरणा का संदेश
तीन वर्ष पहले फ्रेंच ओपन जीतने के बाद इगा स्वियातेक स्पेन स्थित राफेल नडाल अकादमी पहुंची थीं। उसी समय एलेक्जेंड्रा ईला वहां से स्नातक हो रही थीं और स्वियातेक ने उन्हें प्रमाणपत्र प्रदान करते हुए हर काम में अपना शत-प्रतिशत देने की सलाह दी थी। अब ईला ने उसी खिलाड़ी को दूसरी बार हराकर नया इतिहास रच दिया है। इससे पहले भी वह मियामी ओपन में स्वियातेक को मात दे चुकी हैं।
अन्य मुकाबलों में भी कई बड़े उलटफेर
महिला एकल में 2022 की चैंपियन एलेना रायबाकिना को बेल्जियम की एलिस मर्टेंस ने 7-6 (7-4), 6-1 से हराया। वहीं पिछले वर्ष की उपविजेता अमांडा अनिसिमोवा को मैडिसन कीज ने 3-6, 6-2, 6-3 से शिकस्त देकर बाहर का रास्ता दिखाया। इन नतीजों के बाद दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी आर्यना सबालेंका की शीर्ष रैंकिंग बरकरार रहना तय हो गया।
पुरुष वर्ग में दिमित्रोव की शानदार वापसी
पुरुष एकल में बुल्गारिया के अनुभवी खिलाड़ी ग्रिगोर दिमित्रोव ने इटली के माटेओ बेरेटिनी को पांच सेटों तक चले रोमांचक मुकाबले में 6-3, 6-4, 3-6, 5-7, 6-3 से हराकर अंतिम-16 में प्रवेश किया। अब उनका मुकाबला ब्रिटेन के आर्थर फेरी से होगा।
