सोनीपत मेयर राजीव जैन: 15 साल बाद सुधरेगी ककरोई रोड, 88 लाख से होगा मरम्मत कार्य
सोनीपत: विकास कार्यों का जायजा लेते मेयर राजीव जैन।
सोनीपत , अजीत कुमार। सोनीपत में ककरोई रोड की जर्जर हालत से परेशान लोगों को जल्द राहत मिलने वाली है। करीब 15 वर्षों बाद इस सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू किया गया है। नगर निगम द्वारा 88 लाख रुपये की लागत से सड़क के खराब हिस्से की मरम्मत करवाई जा रही है। मेयर राजीव जैन ने निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए ठेकेदार को गुणवत्ता के साथ समय पर काम पूरा करने के निर्देश दिए।
मेयर ने बताया कि ककरोई रोड की देखरेख की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग की है, लेकिन आसपास के 15 गांवों के लोगों की समस्याओं को देखते हुए नगर निगम ने मरम्मत का जिम्मा उठाया। उन्होंने कहा कि सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट बनने के बाद से सड़क लगातार खराब हो रही थी। सीवर लाइन सही ढंग से नहीं डाले जाने के कारण सड़क पर पानी भर जाता था, जिससे सड़क बार-बार टूटती रही।
राजीव जैन ने कहा कि ग्रामीण लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे थे और कई बार कष्ट निवारण समिति की बैठकों में भी गुहार लगा चुके थे। इसके बाद नगर निगम ने लोक निर्माण विभाग से एनओसी लेकर कार्य शुरू कराया। सड़क के साथ नई सीवर लाइन भी डाली जा रही है ताकि भविष्य में जलभराव की समस्या न हो।
उन्होंने बताया कि करीब साढ़े पांच करोड़ रुपये की लागत से नई सीवरेज लाइन बिछाई जा रही है, जिससे लाइन पार क्षेत्र के कई इलाकों में सीवरेज जाम की समस्या से भी राहत मिलेगी।
