चंडीगढ़: मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने पर कांग्रेस ने पूछे 9 सवाल; जीतू पटवारी ने चंडीगढ़ में की पत्रकार वार्ता 

चंडीगढ़ में मध्य प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष, पूर्व मंत्री और राष्ट्रीय प्रवक्ता जीतू पटवारी ने मोर्चा संभाला।

Title and between image Ad
चंडीगढ़: केंद्र की मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने पर कांग्रेस ने नौ सवाल पूछे हैं। इसके लिए देश के अलग-अलग हिस्सों में बाकायदा प्रेस कॉन्फ्रेंस की गई। चंडीगढ़ में मध्य प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष, पूर्व मंत्री और राष्ट्रीय प्रवक्ता जीतू पटवारी ने मोर्चा संभाला। उनके साथ कार्यकारी अध्यक्ष रामकिशन गुर्जर, पीसीसी मीडिया इंचार्ज चांदवीर हुड्डा, चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष एच एस लक्की, केवल ढींगरा, विजय रैना आदि मौजूद रहे।

जीतू पटवारी ने अलग-अलग मुद्दों पर मोदी सरकार से निम्नलिखित सवाल पूछे-

1. अर्थव्यवस्था- ऐसा क्यों है कि देश में महंगाई और बेरोजगारी आसमान छू रही है? क्यों अमीर और अमीर हुए है, गरीब और गरीब? सार्वजनिक संपत्तियों को मोदी के मित्रों को क्यों बेचा जा रहा है? आर्थिक विषमताएं क्यों बढ़ रही है?
2. कृषि औऱ किसान- ऐसा क्यों है कि पिछले 9 सालों में भी किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई? काले कृषि कानूनों को रद्द करते समय किसान संगठनों के साथ हुए समझौतों को अभी तक लागू क्यों नहीं किया गया? एमएसपी की गारंटी क्य़ों नहीं दी गई?
3. भ्रष्टाचार/मित्रवाद- ऐसा क्यों है कि अडानी को फायदा पहुंचाने के लिए LIC और SBI में जमा जनता के खून-पसीने की कमाई को दांव पर लगा दिया? भ्रष्टाचार को खत्म करने की बात करने वाले प्रधानमंत्री इस पर जवाब क्यों नहीं देते कि अडानी की फर्जी कंपनियों में 20 हजार करोड़ किसके है?
4. चीन और राष्ट्रीय सुरक्षा-  ऐसा क्यों है कि चीन को लाल आंखे दिखाने की बात करने वाले प्रधानमंत्री ने उसे 2020 में क्लीन चिट दे दी? जबकि वो आज भी हमारी जमीन पर कब्जा करके बैठा है?
5. सामाजिक सदभाव- ऐसा क्यों है कि चुनावी फायदे के लिए जानबूझकर बंटवारे की राजनीति को हवा दी जा रही है और समाज में डर का माहौल बनाया जा रहा है?
6. सामाजिक न्याय- ऐसा क्यों है कि महिलाओं, दलितों, SC, ST, OBC, और अल्पसंख्यकों के खिलाफ हो रहे अत्याचारों पर प्रधानमंत्री चुप रहते हैं? वो जाति जनगणना की मांग को क्यों नजरअंदाज कर रहे हैं?
7. लौकतांत्रिक संस्थाएं- ऐसा क्यों है कि विपक्षी दलों और नेताओं के खिलाफ बदले की भावना से कार्रवाई की जा रही है? क्यों जनता द्वारा चुनी हुई विपक्षी दलों की कई सरकारें गिराई गई? पिछले 9 सालों में संवैधानिक और लोकतांत्रिक संस्थाओं को क्यों कमजोर किया गया?
8. जनकल्याण की योजनाएं- ऐसा क्यों है कि बजट में कटौती कर के मनरेगा जैसी जनकल्याण की योजनाओं को कमजोर किया गया? गरीब, आदिवासी, एवं जरुरतमंदों के सपनों को क्यों कुचला जा रहा है?
9. कोरोना मिस मैनेजमेंट- ऐसा क्यों है कि कोरोना के कारण 40 लाख लोगों की मौत के बाद उनके परिवारों को मुआवजा देने से मना कर दिया गया? क्यों अचानक लॉकडाउन करके लाखों कामगार साथियों को घर जाने के लिए मजबूर किया गया और उन्हें उनके हाल पर छोड़ दिया गया?

 

Connect with us on social media

Comments are closed.