May 18, 2026

सोनीपत खबर: सोनीपत में पीएम श्री विद्यालय के मेधावियों का सम्मान समारोह किया

A felicitation ceremony was held for the meritorious students of PM Shri Vidyalaya in Sonipat.

सोनीपत: मेधावी विद्यार्थियों का फूल-मालाओं से स्वागत कर सम्मान किया।

सोनीपत,  अजीत कुमार। सोनीपत के पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अकबरपुर बरोटा में दसवीं कक्षा के परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद सम्मान समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय के विद्यार्थियों ने हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया। परिणाम आते ही विद्यालय परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल बन गया। सोमवार को विद्यार्थियों, अभिभावकों और अध्यापकों ने मिलकर इस सफलता का जश्न मनाया।

इस वर्ष विद्यालय के विद्यार्थियों ने अनुशासन, नियमित अध्ययन और सतत अभ्यास के बल पर शानदार अंक प्राप्त किए। छात्रा ईशिका ने 90.4 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। सिद्धार्थ ने 89.8 प्रतिशत अंक लेकर दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि प्रीति ने 89.2 प्रतिशत अंक के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। विद्यालय परिवार ने मेधावी विद्यार्थियों का फूल-मालाओं से स्वागत कर सम्मान किया और मिठाई बाँटकर खुशी साझा की। समारोह के दौरान अध्यापकों ने कहा कि निरंतर मेहनत, समय का सही प्रबंधन और लक्ष्य के प्रति समर्पण सफलता की कुंजी है। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि ने विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। अभिभावकों ने भी बच्चों की मेहनत पर गर्व जताया और अध्यापकों का आभार व्यक्त किया।

प्रधानाचार्य भारती ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी लगन के साथ पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित किया। समारोह के अंत में अन्य विद्यार्थियों को भी इन सफल छात्रों से प्रेरणा लेने और अनुशासन अपनाने का संदेश दिया गया। विद्यालय में हर्ष और उल्लास का वातावरण देर तक बना रहा।

About The Author