खेलो इंडिया में दम दिखाएंगे हरियाणा के हॉकी खिलाड़ी: सोनीपत में 22 व 23 नवंबर को होगी हॉकी टीमों की ट्रायल
सोनीपत डीसी नेहा सिंह।
सोनीपत, अजीत कुमार। 8वें खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2026 में हरियाणा का प्रतिनिधित्व करने वाली पुरुष एवं महिला हॉकी टीमों के गठन के लिए सोनीपत में चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। इन ट्रायल के माध्यम से प्रदेश की दोनों टीमों के लिए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। पुरुष हॉकी खिलाड़ियों के चयन के लिए 22 नवंबर तथा महिला खिलाड़ियों के लिए 23 नवंबर को ट्रायल होंगे। दोनों दिन चयन प्रक्रिया सेक्टर-4 स्थित हॉकी एस्ट्रो टर्फ खेल परिसर में आयोजित की जाएगी।
सोनीपत की डीसी नेहा सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय खेल प्राधिकरण की ओर से 8वें खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आयोजन 11 से 22 दिसंबर 2026 तक तेलंगाना में किया जाएगा। इस राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिता में देशभर के युवा खिलाड़ी विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिताओं का आयोजन हैदराबाद, खम्मम, हनमकोंडा, करीमनगर, निजामाबाद और महबूबनगर में किया जाएगा। गेम्स के अंतर्गत कुल 27 खेल विधाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
उन्होंने बताया कि हरियाणा की पुरुष एवं महिला हॉकी टीमों के चयन के लिए आयोजित होने वाले ट्रायल में दोनों वर्गों से 18-18 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त प्रत्येक टीम के लिए चार-चार अतिरिक्त खिलाड़ियों का भी चयन होगा, ताकि प्रतियोगिता के लिए मजबूत टीम तैयार की जा सके।
जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि चयन ट्रायल में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ियों को निर्धारित तिथि पर अपने आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र और पासपोर्ट साइज फोटो साथ लेकर पहुंचना अनिवार्य है। उन्होंने जिले के पात्र एवं इच्छुक हॉकी खिलाड़ियों से अधिक से अधिक संख्या में ट्रायल में भाग लेने की अपील की।
ट्रायल से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए खिलाड़ी गोहाना रोड स्थित सुभाष स्टेडियम में जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय में किसी भी कार्यदिवस पर संपर्क कर सकते हैं।
