सोनीपत: 17 जुलाई को जींद आएंगे प्रधानमंत्री, हाइड्रोजन ट्रेन को दिखाएंगे हरी झंडी
गोहाना: पत्रकारों से वार्ता करते पूर्व प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली।
गोहाना, अजीत कुमार। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को हरियाणा के जींद पहुंचेंगे। वह सुबह 9 बजे देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। उन्होंने यह जानकारी गोहाना स्थित भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान दी।
मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री इस अवसर पर जींद-गोहाना राजमार्ग का उद्घाटन करने के साथ-साथ कई अन्य विकास परियोजनाओं का भी लोकार्पण करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हरियाणा के प्रति विशेष लगाव है और उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रदेशभर में उत्साह का माहौल है।
उन्होंने बताया कि उद्घाटन समारोह में गोहाना सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग भाग लेंगे। कार्यक्रम को लेकर भाजपा कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हुए हैं।
इस अवसर पर गोहाना जिला भाजपा अध्यक्ष बिजेंद्र मलिक, सोनीपत जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज, जिला महामंत्री महेंद्र चिड़ाना, जितेंद्र शर्मा, आजाद नेहरा, मुकेश रोहिल्ला, जिला मीडिया प्रभारी डॉ. राममेहर राठी, राजेश भावड़ सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
