July 7, 2026

सोनीपत: निःशुल्क नेत्र शिविर में 160 मरीजों की जांच, 9 का ऑपरेशन

160 patients examined, 9 operated on at free eye camp.

सोनीपत: रोगियों की जाँच करते डॉक्टर।

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत में दी महाराजा अग्रसेन समिति द्वारा अग्रवाल धर्मशाला, गुड़ मंडी में 46वाँ निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। समाज सेवा को समर्पित इस शिविर में दिल्ली के वेणु आई इंस्टीट्यूट एंड रिसर्च सेंटर से आई विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मरीजों की आंखों की जांच कर परामर्श दिया।

शिविर के दौरान कुल 160 मरीजों की आंखों की जांच की गई। इनमें 9 मरीजों में मोतियाबिंद की पुष्टि होने पर उन्हें निःशुल्क ऑपरेशन के लिए उसी दिन दिल्ली भेजा गया। अन्य नेत्र रोगों से पीड़ित मरीजों को मौके पर ही निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। इसके साथ ही जरूरतमंद मरीजों को अर्णव ऑप्टिशियन की ओर से निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए। वर्मा लैब की टीम ने शिविर में आए लोगों की शुगर और रक्तचाप की भी निःशुल्क जांच की।

समिति के प्रधान टीकाराम मित्तल ने बताया कि जरूरतमंद, गरीब और बुजुर्ग लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रत्येक माह के पहले मंगलवार को यह निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर नियमित रूप से आयोजित किया जाता है। वरिष्ठ उपप्रधान संजय सिंगला ने कहा कि समिति के सभी सदस्य सेवा और समर्पण की भावना से इस जनकल्याणकारी अभियान को निरंतर आगे बढ़ा रहे हैं।

शिविर प्रभारी प्रदीप गोयल ने बताया कि समिति समय-समय पर विद्यालयों में भी बच्चों की आंखों की जांच कराती है, ताकि दृष्टि संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान कर उनका उपचार कराया जा सके।

इस अवसर पर ओ. डी. गर्ग, दयाराम जैन, डॉ. राजेश गुप्ता, राजीव गर्ग, लक्ष्य गोयल, आशु मंगला, साहिल मित्तल, विवेक गर्ग, अमन गोयल, दीपक कुमार, अभिषेक गोयल, ईशा गोयल सहित चिकित्सकीय टीम के सदस्य उपस्थित रहे। समिति का यह शिविर सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरणादायी उदाहरण बना।

About The Author