सोनीपत: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता का 9 जुलाई को बूटाना में होगा भव्य नागरिक अभिनंदन
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता का 9 जुलाई को बूटाना में होगा भव्य नागरिक अभिनंदन
गोहाना। भारतीय जनता पार्टी की नवनियुक्त हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के सम्मान में 9 जुलाई को बरोदा विधानसभा क्षेत्र के गांव बूटाना स्थित जनता शिक्षण संस्थान में भव्य नागरिक अभिनंदन समारोह आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी बरोदा विधानसभा से भाजपा के पूर्व प्रत्याशी प्रदीप सांगवान ने गोहाना स्थित अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी।
प्रदीप सांगवान ने बताया कि कार्यक्रम 9 जुलाई को सुबह 9 बजे शुरू होगा, जिसमें बरोदा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक शामिल होकर डॉ. अर्चना गुप्ता का स्वागत एवं अभिनंदन करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद डॉ. अर्चना गुप्ता के प्रथम आगमन को लेकर पूरे बरोदा क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
इस अवसर पर प्रदीप सांगवान ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को जींद में हाइड्रोजन ट्रेन के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि सोनीपत-जींद रेलवे लाइन को स्वर्गीय पूर्व सांसद किशन सिंह सांगवान के विशेष प्रयासों से मंजूरी मिली थी, जिसके लिए क्षेत्र की जनता आज भी उन्हें याद करती है।
पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा के अनेक पदाधिकारी और पंचायत प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। इनमें मंडल अध्यक्ष राजेश भावड़, अशोक सैन, सरपंच इंद्रपाल, सरपंच पवन शर्मा, डॉ. राममेहर राठी, ओमवीर वत्स, निर्मला मोई, प्रसन्नी मलिक, शिवकांत, सोनू मलिक सहित अन्य कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
भाजपा नेताओं ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में समारोह में पहुंचकर डॉ. अर्चना गुप्ता का स्वागत करने और कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।
