भारी बारिश से महाराष्ट्र बेहाल: मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर भूस्खलन, दोनों प्रमुख मार्ग बंद
मुंबई। महाराष्ट्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के मिसिंग लिंक सेक्शन में खंडाला एग्जिट के पास हुए भूस्खलन के कारण मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे और पुराने मुंबई-पुणे राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह रोक दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से अगले आदेश तक इस मार्ग पर यात्रा नहीं करने की अपील की है।
महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (एमएसआरडीसी) के अनुसार, भारी बारिश के चलते पहाड़ी क्षेत्र से मलबा सड़क पर आ गया, जिससे दोनों दिशाओं में वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सोमवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे दोनों मार्गों को बंद कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि मलबा हटाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है और मार्ग को सामान्य होने में तीन से पांच घंटे या उससे अधिक समय लग सकता है।
एमएसआरडीसी ने बताया कि पुणे की ओर जाने वाले वाहनों को सुरंग मार्ग से वैकल्पिक रास्ते पर भेजने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, खलापुर टोल प्लाजा के पास जलभराव होने के कारण यातायात पूरी तरह सुचारु नहीं हो सका है। डायवर्जन मार्ग पर भी वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं और यातायात धीमी गति से चल रहा है।
उधर, लगातार बारिश के कारण पाताल गंगा नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है, जिससे आसपास के कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन गई है। एहतियात के तौर पर प्रभावित हिस्सों को पूरी तरह बंद कर दिया गया है।
इसी बीच पुणे जिले के मावल क्षेत्र के एक सुदूर गांव में भी भूस्खलन की बड़ी घटना सामने आई है। पहाड़ी से मलबा गिरने के कारण एक मकान पूरी तरह दब गया, जिसमें एक परिवार के फंसे होने की आशंका है। सूचना मिलते ही राष्ट्रीय आपदा मोचन बल और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। बचाव अभियान लगातार जारी है और मलबा हटाकर लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
प्रशासन ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
