सोनीपत खबर: सोनीपत में डीजे दुकान के शटर में करंट से युवक की मौत
सोनीपत: अस्पताल के मृतक मोनू का शव लेने पहुंचे परिवार के सदस्य इनसेट में मोनू का फाइल फोटो।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत शहर में करंट लगने से 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक ओल्ड डीसी रोड स्थित एक डीजे की दुकान पर कार्यरत था। हादसा गुरुवार की देर रात हुआ, जब वह शादी समारोह से लौटने के बाद दुकान पर सामान रखने के उपरांत शटर बंद कर रहा था। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान सेक्टर-15 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी मोनू के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार मोनू डीजे का सामान कार्यक्रमों में ले जाने और दुकान के अन्य कार्यों की जिम्मेदारी संभालता था। गुरुवार देर रात वह साथियों के साथ कार्यक्रम से लौटकर दुकान पहुंचा। सामान रखने के बाद जैसे ही उसने शटर बंद करने का प्रयास किया, वह करंट की चपेट में आ गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों ने आरोप लगाया कि दुकान के शटर में पहले से ही करंट आने की समस्या थी और इसकी जानकारी कई बार दुकान मालिक को दी गई थी। इसके बावजूद बिजली संबंधी खामी को दूर नहीं कराया गया। उनका कहना है कि यदि समय रहते शटर की मरम्मत करवा दी जाती, तो यह हादसा टाला जा सकता था। मोनू अपने परिवार का सहारा था। परिवार में माता-पिता, तीन बहनें और एक भाई हैं। उसके पिता मजदूरी करते हैं और मोनू भी परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में उनका हाथ बंटाता था। बेटे की असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया। बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, परिजनों ने दुकान मालिक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
