June 27, 2026

सोनीपत: अवकाश पर भी खुला निगम, करदाताओं की उमड़ी भीड़: मेयर राजीव जैन

Sonipat Corporation open despite holiday; taxpayers flock in Mayor Rajiv Jain

सोनीपत: अवकाश पर भी खुला निगम, करदाताओं की उमड़ी भीड़: मेयर राजीव जैन

सोनीपत, 27 जून। नगर निगम द्वारा आयोजित विशेष शिविर में अवकाश के दिन भी प्रॉपर्टी कर जमा कराने और प्रॉपर्टी पहचान संख्या से जुड़ी त्रुटियों के सुधार के लिए बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे। शिविर में नगर निगम के महापौर राजीव जैन ने सहायक आयुक्त विजय यादव के साथ स्वयं बैठकर नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनका त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए।

महापौर राजीव जैन ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से लंबे समय बाद प्रॉपर्टी कर पर ब्याज माफी योजना लागू की गई है, जिसका लाभ उठाने के लिए बड़ी संख्या में लोग अपने बकाया कर का भुगतान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत करदाताओं को ब्याज में लगभग आधी राशि तक की राहत मिल रही है। इसी कारण नगर निगम कार्यालय में नागरिकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि अवकाश होने के बावजूद 28 और 29 जून को भी विशेष शिविर जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक लोग योजना का लाभ उठा सकें।

महापौर ने बताया कि शिविर में कर जमा कराने के साथ-साथ प्रॉपर्टी पहचान संख्या से संबंधित त्रुटियों का भी मौके पर ही समाधान किया जा रहा है, जिससे नागरिकों को बार-बार निगम कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।

इस दौरान शहर की स्वच्छता व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। सड़क सफाई का टेंडर समाप्त होने के कारण नगर निगम ने अंतरिम व्यवस्था के तहत डोजर और ट्रैक्टर-ट्रॉलियां किराये पर लगाई हैं, ताकि शहर में जमा कूड़े के ढेरों का समय पर उठान किया जा सके। महापौर ने विवेकानंद चौक, नागरिक अस्पताल के पीछे, पुराने हुडा कार्यालय के सामने तथा हेमनगर पार्क के बाहर स्वयं मौजूद रहकर सफाई कार्य का निरीक्षण कराया और कूड़ा उठवाया।

राजीव जैन ने कहा कि अगले सप्ताह तक नए सफाई टेंडर के आवंटन की संभावना है। तब तक वैकल्पिक व्यवस्थाओं के माध्यम से सफाई कार्य सुचारु रूप से जारी रहेगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे सड़कों पर कूड़ा न फेंकें और घर-घर कचरा संग्रहण करने वाले वाहनों में ही कचरा डालकर शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें।

About The Author