सोनीपत: कुंडली औद्योगिक क्षेत्र फैक्ट्री में आग, चार इकाइयां चपेट में
सोनीपत: कुंडली औद्योगिक क्षेत्र में कूलर-पंखे व जूसर-मिक्सर बनाने वाली फैक्ट्री में लगी आग।
- कुंडली, राई एजुकेशन सिटी, गन्नौर, सोनीपत, गोहाना , बहादुरगढ़, पानीपत, झज्जर से 18 गाड़ियां पहुंची
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत जिले के कुंडली औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार तड़के कूलर-पंखे व जूसर-मिक्सर बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लग गई, जिसने देखते-देखते आसपास की तीन अन्य फैक्ट्रियों को भी चपेट में ले लिया। घटना सुबह लगभग चार बजे बताई जा रही है। फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारियों ने किसी तरह बाहर निकलकर जान बचाई और कंट्रोल रूम को सूचना दी। एहतियातन आसपास का इलाका खाली कराया गया ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो।
तेज हवा के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। फैक्ट्री नंबर 56 से उठी लपटें पास की इकाइयों तक फैल गईं। एक फैक्ट्री परिसर में खड़ी कार जलकर क्षतिग्रस्त हो गई। धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देता रहा, जिससे बचाव कार्य में कठिनाई आई। आग की तीव्रता से कई स्थानों पर लोहे के ढांचे तक झुलस गए।
सूचना मिलते ही सोनीपत के अलावा पानीपत और झज्जर सहित आसपास के क्षेत्रों से दमकल की 18 से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कुंडली, राई एजुकेशन सिटी, गन्नौर, गोहाना और बहादुरगढ़ से दमकल दल लगातार पानी की बौछार कर आग पर नियन्त्रण पाने में जुटे रहे। जरूरत पड़ने पर नरेला से भी सहायता लेने के प्रयास किए गए।
कुंडली थाना पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंचकर क्षेत्र को खाली कराने और सुरक्षा व्यवस्था संभालने में लगी रही। अधिकारियों के अनुसार प्राथमिकता आग बुझाने और नुकसान को सीमित करने की रही। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। दमकल विभाग के अधिकारी रामेश्वर ने बताया कि सुबह चार बजे फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली थी। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैली और पास की तीन फैक्ट्रियां भी प्रभावित हुईं। उनके अनुसार दमकल की कई गाड़ियां लगातार आग बुझाने में लगी हैं। आग पर पूरी तरह नियंत्रण मिलने के बाद ही कारणों का पता लगाया जा सकेगा। फिलहाल आग बुझाने का कार्य जारी है और पूरे क्षेत्र में सतर्कता बरती जा रही है।
