April 2, 2026

आप में बड़ा बदलाव: राघव चड्ढा हटे, अशोक मित्तल बने राज्यसभा उपनेता

Major change in AAP Raghav Chadha removed, Ashok Mittal appointed Rajya Sabha Deputy Leader

नई दिल्ली, अजीत कुमार। आम आदमी पार्टी (आप) ने गुरुवार को संगठनात्मक स्तर पर एक महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को उपनेता पद से हटा दिया है। उनकी जगह पार्टी ने अशोक मित्तल को नया उपनेता नियुक्त किया है। इस संबंध में पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को औपचारिक पत्र भेजकर निर्णय की जानकारी दी।

पार्टी द्वारा जारी पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि सदन में अब पार्टी की ओर से बोलने का समय राघव चड्ढा को न दिया जाए। राघव चड्ढा वर्ष 2022 से पंजाब से राज्यसभा सांसद हैं और उनका कार्यकाल 2028 तक निर्धारित है। हालांकि, पार्टी ने इस फैसले के पीछे कोई आधिकारिक कारण स्पष्ट नहीं किया है।

सूत्रों के अनुसार, राघव चड्ढा पिछले कुछ समय से पार्टी गतिविधियों से दूरी बनाए हुए थे और आप से जुड़े मुद्दों पर सार्वजनिक रूप से सक्रिय नहीं दिख रहे थे। यहां तक कि 27 फरवरी को दिल्ली शराब नीति मामले में अरविंद केजरीवाल को निचली अदालत से राहत मिलने के बाद भी उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी थी।

हालांकि, संसद में उनकी सक्रियता बनी रही। पिछले दो सत्रों में उन्होंने आम जनता से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। शीतकालीन सत्र 2025 में उन्होंने गिग वर्कर्स के कम वेतन, 10 मिनट डिलीवरी मॉडल और सामाजिक सुरक्षा की कमी पर चिंता जताई। साथ ही, डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स के अधिकारों की रक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार की मांग भी उठाई।

वहीं, बजट सत्र 2026 में उन्होंने खाद्य मिलावट, एयरपोर्ट पर सस्ता भोजन, 28 दिन के बजाय पूरे महीने का मोबाइल रिचार्ज, बैंक पेनल्टी खत्म करने, संयुक्त आयकर फाइलिंग और पितृत्व अवकाश को कानूनी अधिकार बनाने जैसे मुद्दों को प्रमुखता से रखा।

नवनियुक्त उपनेता अशोक मित्तल भी पंजाब से राज्यसभा सांसद हैं। वे जालंधर के निवासी हैं और लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के संस्थापक एवं चांसलर रह चुके हैं। 2022 में राज्यसभा पहुंचने से पहले वे एक सफल उद्योगपति के रूप में जाने जाते रहे हैं।

About The Author