September 29, 2026

सोनीपत खबर: सोनीपत व खरखौदा समाधान शिविरों में 15 शिकायतें, अधिकारियों को कार्रवाई केनिर्देश

15 complaints received at Sonipat and Kharkhoda grievance redressal camps; officials directed to take action.

सोनीपत: अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा अधकारियों को निर्देश देते हुए।

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत के लघु सचिवालय और खरखौदा के उपमंडल कार्यालय में सोमवार को आयोजित समाधान शिविरों में आमजन की 15 शिकायतें प्राप्त हुईं। सोनीपत में अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा तथा खरखौदा में एसडीएम अमित भारद्वाज ने शिकायतें सुनकर संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय में समाधान करने के निर्देश दिए।

लघु सचिवालय में आयोजित शिविर में राजस्व विभाग, परिवार पहचान पत्र, बिजली सहित विभिन्न विभागों से संबंधित 10 शिकायतें प्राप्त हुईं। एक शिकायत में जीएसटी व्यापारियों की जानकारी उपलब्ध करवाने और कर चोरी की जांच करवाने की मांग की गई। अतिरिक्त उपायुक्त ने डीईटीसी सोनीपत को मामले की जांच के निर्देश दिए। गांव दतौली की ग्राम पंचायत की जमीन पर सरपंच द्वारा कथित तौर पर दुकान बनाए जाने की शिकायत पर अतिरिक्त उपायुक्त ने खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी गन्नौर को जांच करने के निर्देश दिए। गांव चिटाना की ओर जाने वाले पश्चिमी यमुना नहर पर मुख्य पुल की जर्जर स्थिति को लेकर उसके पुनर्निर्माण की मांग भी रखी गई। अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा ने कहा कि शिकायतों के समाधान के साथ शिकायतकर्ता की संतुष्टि का भी ध्यान रखा जाए, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

खरखौदा में आयोजित शिविर में पांच शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें वार्ड नंबर सात में गली में गंदगी फैलाने, गांव सिसाना में पाइपलाइन ठीक करवाने और गांव मंडोरा में पड़ोसी की मशीनों से अत्यधिक शोर होने की शिकायत शामिल रही। मटिंडू रोड की गली में गंदा पानी बहने के अलावा परिवार पहचान पत्र, इंतकाल और पेंशन से संबंधित शिकायतें भी आईं।

एसडीएम अमित भारद्वाज ने कहा कि समाधान शिविरों के माध्यम से प्रशासन की पहुंच अंतिम छोर और अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। अधिकारियों को हर शिकायत को गंभीरता से लेकर संवेदनशीलता के साथ उसका गुणवत्तापूर्ण समाधान करना चाहिए। सोनीपत शिविर में एसीपी अमित धनखड़, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी मनीष मलिक, तहसीलदार कीर्ति सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। खरखौदा में तहसीलदार बिजेंद्र सिंह, नायब तहसीलदार अचिन, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी सुरेंद्र आर्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author