सोनीपत: एसयूओएच लायंस ने जीता बीसवांमील ब्लॉकबस्टर कप का खिताब
सोनीपत: राई में बीसवांमील ब्लॉकबस्टर कप वॉलीबॉल प्रतियोगिता विजेताओं काे सम्मानित करते हुए।
सोनीपत, अजीत कुमार। हरियाणा खेल विश्वविद्यालय, राई में 27 सितंबर को आयोजित बीसवांमील ब्लॉकबस्टर कप वॉलीबॉल प्रतियोगिता के प्रथम संस्करण का समापन रोमांचक मुकाबले के साथ हुआ। प्रतियोगिता में 14 टीमों ने भाग लिया। फाइनल में एसयूओएच लायंस ने एसयूओएच एलीट को लगातार तीन सेटों में 3-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता में बीसवांमील और आसपास के क्षेत्रों के विभिन्न विश्वविद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया। इनमें पानीपत इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, अशोका विश्वविद्यालय, ओपी जिंदल ग्लोबल विश्वविद्यालय, श्री रामास्वामी मेमोरियल विश्वविद्यालय, राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय और वर्ल्ड यूनिवर्सिटी ऑफ डिजाइन सहित अन्य संस्थानों की टीमें शामिल रहीं। सभी मुकाबले दिन-रात प्रारूप में खेले गए। फाइनल मुकाबला रात साढ़े नौ बजे हुआ। शुरुआत से ही एसयूओएच लायंस के खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल के साथ खेलते हुए सर्विस, ब्लॉक, आक्रमण और बचाव में मजबूत प्रदर्शन किया। टीम ने तीनों सेट में एसयूओएच एलीट पर दबाव बनाए रखा और 3-0 से जीत दर्ज की।
एसयूओएच एलीट ने भी मुकाबले में जुझारूपन और खेल भावना का परिचय दिया। टीम को उपविजेता का स्थान मिला। प्रतियोगिता में एसयूओएच के यश को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी और स्पाइकर चुना गया, जबकि एसयूओएच लायंस के चिराग को सर्वश्रेष्ठ आक्रमण खिलाड़ी का पुरस्कार मिला। आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता का उद्देश्य विश्वविद्यालय स्तर के खिलाड़ियों को बेहतर प्रतिस्पर्धी मंच उपलब्ध कराना और उनमें खेल भावना, टीम भावना तथा अनुशासन को बढ़ावा देना था। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और दर्शकों में उत्साह देखने को मिला। आयोजकों ने कहा कि ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धा का अनुभव लेने का अवसर मिलता है। प्रतियोगिता का आयोजन हरियाणा खेल विश्वविद्यालय, राई की ओर से किया गया। एसयूओएच लायंस की जीत के साथ प्रतियोगिता का पहला संस्करण संपन्न हुआ।
