July 7, 2026

सोनीपत मेयर राजीव जैन: नई सीवर लाइन से जलभराव और जाम की समस्या होगी दूर

The new sewer line will resolve the problems of waterlogging and clogging.

सोनीपत: नई सीवर लाइन के कार्यों का जायजा लेते मेयर।

सोनीपत, अजीत कुमार। ककरोई रोड स्थित सीवेज शोधन संयंत्र की क्षतिग्रस्त सीवर लाइन के समानांतर बिछाई गई नई सीवर लाइन को अस्थायी पंप के माध्यम से शीघ्र चालू किया जाएगा। इससे बरसात के दौरान गोहाना रोड क्षेत्र की कॉलोनियों में सीवर जाम और जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

मेयर राजीव जैन ने नगर निगम अधिकारियों और ठेकेदार की टीम के साथ मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने एक-एक मैनहोल खुलवाकर सीवर में पानी के स्तर की जांच कराई। निरीक्षण में पाया गया कि पुरानी सीवर लाइन का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। इसके समाधान के लिए क्षतिग्रस्त हिस्से से आगे मोटर लगाकर नई सीवर लाइन में पानी प्रवाहित किया जाएगा। यह अस्थायी व्यवस्था सेक्टर-23 में निर्माणाधीन डिस्पोजल का कार्य पूरा होने तक जारी रहेगी।

मेयर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाईपास लाइन का कार्य अगले दो दिनों में हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने रात के समय भी सफाई अभियान जारी रखने के निर्देश दिए। इसके तहत मशीनों की सहायता से मैनहोलों से गाद निकालकर सीवर के जल प्रवाह को सुचारु बनाने का प्रयास किया गया। मेयर स्वयं रात करीब 11 बजे मौके पर पहुंचे और सफाई कार्य का निरीक्षण किया।

इसके अलावा दयाल चौक से गीता भवन रोड तक सीवर जाम की समस्या दूर करने के लिए सुपर सक्शन मशीन से मैनहोलों की सफाई कराई गई। मुख्य मार्ग पर सड़क के नीचे धंसे तीन मैनहोलों की सफाई नहीं हो सकी, जिन्हें दोबारा मशीन लगाकर खोलने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान कार्यकारी अभियंता राहुल पूनिया, उपमंडल अभियंता मंजीत दहिया, कनिष्ठ अभियंता विकास, विपिक राणा, राहुल दहिया, सुधीर मोर, परविंद्र, सीवर सफाई निरीक्षक विशाल तथा विनोद सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author