विधायक देवेंद्र कादियान: घसौली में 33 केवी बिजली घर शुरू, 11 गांवों को मिलेगी राहत
गन्नौर: घसौली में 33 केवी बिजली घर का उद्घाटन करते विधायक देवेंद्र कादियान।
गन्नौर, अजीत कुमार। यमुना तलहटी के गांव घसौली में लगभग साढ़े चार करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 33 केवी बिजली घर का मंगलवार को विधायक देवेंद्र कादियान ने शुभारंभ किया। एक एकड़ पंचायती भूमि पर बने इस बिजली घर के शुरू होने से घसौली सहित आसपास के 11 गांवों के हजारों उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में सरपंच महेश त्यागी और ग्रामीणों ने विधायक का स्वागत किया। इस अवसर पर विधायक देवेंद्र कादियान ने कहा कि सरकार बिजली व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि नए बिजली घर में 10 एमवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया है, जिससे घसौली, रामनगर, चंदौली, उमेदगढ़, पबनेरा, धतूरी, बड़ी, सनपेड़ा, पिपली खेड़ा, खेड़ी तगा और शाहपुर तगा सहित 11 गांवों में ओवरलोडिंग और अघोषित बिजली कटौती की समस्या में काफी कमी आएगी।
उन्होंने बताया कि उद्देशीपुर, बजाना कलां और आहुलाना में भी नए बिजली घर बनकर तैयार हैं, जिन्हें शीघ्र शुरू किया जाएगा। इनके चालू होने के बाद पूरे गन्नौर क्षेत्र की बिजली व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।
बिजली निगम के उपमंडल अधिकारी सतीश गोयत ने बताया कि पहले इन गांवों को दूरस्थ बिजली घरों से आपूर्ति मिलती थी, जिससे फीडरों पर अधिक भार रहता था। अब नए बिजली घर से सीधे आपूर्ति होने पर भार कम होगा और बिजली आपूर्ति अधिक सुचारू रहेगी।
सरपंच महेश त्यागी ने कहा कि लंबे समय से चली आ रही ग्रामीणों की मांग पूरी होने से किसानों, घरेलू उपभोक्ताओं और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
