कामयाबी के कदम: अजय डबास बने उत्तराखंड के जीएसटी कमिश्नर
उत्तराखंड में जीएसटी सहायक आयुक्त बनने के बाद अजय डबास को आशीर्वाद देते उनके मामा और मामी।
सोनीपत, अजीत कुमार। सेक्टर-7 स्थित श्री कृष्णा ग्रुप हाउसिंग सोसायटी में उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के माध्यम से सहायक आयुक्त (जीएसटी) पद पर चयनित अजय डबास के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उनके मामा पवन मलिक ने किया, जबकि अध्यक्षता सुखदेव सिंह गहलावत ने की। समारोह में परिजन, गणमान्य नागरिक, मित्रगण और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
अजय डबास ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सोनीपत के हिंदू विद्या पीठ से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने नेताजी सुभाष प्रौद्योगिकी संस्थान, नई दिल्ली से कंप्यूटर विज्ञान एवं अभियांत्रिकी में स्नातक की डिग्री हासिल की। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने नोएडा स्थित एक निजी कंपनी में लगभग तीन वर्ष तक सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्य किया, लेकिन सिविल सेवा में जाने के लक्ष्य के लिए नौकरी छोड़कर पूरी तरह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुट गए।
संघर्ष के दौरान अजय डबास 10 बार मुख्य परीक्षा और तीन बार साक्षात्कार तक पहुंचे, लेकिन लगातार असफलताओं के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी। अंततः उनके धैर्य, अनुशासन और निरंतर प्रयासों ने उन्हें उत्तराखंड लोक सेवा आयोग में सहायक आयुक्त (जीएसटी) के पद तक पहुंचाया।
समारोह में मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया रहे। विशिष्ट अतिथियों में भारतीय राजस्व सेवा के अधिकारी सचिन अहलावत, सहायक पुलिस आयुक्त निधि नैन, सिटी मजिस्ट्रेट सुरेश तथा जीवाईके छात्रावास के प्रबंधक हवा सिंह शामिल रहे। सभी अतिथियों ने अजय डबास को सम्मानित करते हुए उनकी सफलता को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।
अपने संबोधन में अजय डबास ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए धैर्य, अनुशासन और आत्मविश्वास सबसे महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने युवाओं से असफलताओं से निराश न होकर लगातार मेहनत करने का आह्वान करते हुए कहा कि लक्ष्य स्पष्ट हो तो सफलता देर-सवेर अवश्य मिलती है।
