July 14, 2026

सोनीपत: एकल अभियान का वार्षिक अभ्यास वर्ग शुरू, ग्रामीण शिक्षा को मिलेगी नई दिशा

Ekal Abhiyan's annual training workshop begins; rural education set to receive a new direction.

सोनीपत, अजीत कुमार। एकल अभियान के अंतर्गत सम्भाग पश्चिमी उत्तर प्रदेश के भाग सहारनपुर के अंचल सोनीपत में रविवार को आचार्य बहनों के वार्षिक अभ्यास वर्ग का शुभारंभ श्रद्धा, उत्साह और राष्ट्रभावना के साथ हुआ। कार्यक्रम में 34 गांवों से आईं 34 आचार्य बहनों ने भाग लेकर ग्रामीण शिक्षा, संस्कार निर्माण और समाज सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

उद्घाटन समारोह में अंचल अध्यक्ष संजय सिंगला, अंचल उपाध्यक्ष संजय वर्मा, संच समिति सदस्य हरकेश, भाग प्राथमिक शिक्षा प्रशिक्षक मोहित पाल, अंचल अभियान प्रमुख बिजेंद्र, अंचल प्राथमिक शिक्षा प्रशिक्षक अरविंद चंदेल, अंचल कार्यालय प्रमुख निखिल तथा संच प्रशिक्षक मुकेश, रमेश मलिक और अर्चना चौहान उपस्थित रहे।

वक्ताओं ने कहा कि एकल विद्यालय अभियान केवल शिक्षा का माध्यम नहीं, बल्कि ग्रामीण भारत के सर्वांगीण विकास का सशक्त जनआंदोलन है। यह अभियान गांवों में शिक्षा के साथ बच्चों में नैतिक मूल्य, भारतीय संस्कृति, राष्ट्रभक्ति, स्वावलंबन, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक समरसता का भी विकास कर रहा है। इसके माध्यम से दूर-दराज़ के क्षेत्रों तक शिक्षा का प्रकाश पहुंचाया जा रहा है।

अभ्यास वर्ग में आचार्य बहनों को प्रभावी शिक्षण पद्धति, बाल संस्कार, व्यक्तित्व विकास, संगठनात्मक कार्यप्रणाली और सामाजिक दायित्वों का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे अपने-अपने गांवों में बच्चों को बेहतर शिक्षा और संस्कार प्रदान कर सकें।

अंचल अध्यक्ष संजय सिंगला ने कहा कि शिक्षक केवल अक्षर ज्ञान नहीं देता, बल्कि राष्ट्र का भविष्य गढ़ता है। उन्होंने आचार्य बहनों के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनका योगदान शिक्षित, संस्कारित और विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के अंत में सभी ने शिक्षा के इस अभियान को प्रत्येक गांव तक पहुंचाकर राष्ट्र निर्माण को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

About The Author