July 14, 2026

सोनीपत क्राइम: सोनीपत चोरी के शक में मासूम को करंट लगाया, आरोपी दुकानदार गिरफ्तार

Innocent person electrocuted on suspicion of theft in Sonipat; accused shopkeeper arrested.

सोनीपत: पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया दुकानदार।

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत के सेक्टर-15 स्थित बिहारी मार्केट में चोरी के शक में 10 वर्षीय बच्चे के साथ कथित मारपीट और करंट लगाने के मामले में पुलिस ने आरोपी दुकानदार सोमवार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शिकायत, मेडिकल रिपोर्ट और उपलब्ध सीसीटीवी व वीडियो के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बच्चे की मां रुबी देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बिहारी मार्केट में किराये के मकान में रहकर दिहाड़ी मजदूरी करती हैं। उनका आरोप है कि नौ जुलाई को दोपहर के बाद उन्हें सूचना मिली कि उनके बेटे के साथ एक बिजली की दुकान पर मारपीट की जा रही है। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि आरोपी और उसका बेटा बच्चे को लात-घूंसों से पीट रहे थे। विरोध करने पर भी बच्चे को दुकान के अंदर ले जाया गया, जहां कथित रूप से कंडेनसर से करंट लगाया गया तथा उसके हाथ-पैर मरोड़े गए।

महिला ने बताया कि बारह जुलाई को घटना के वीडियो मिले, जिन्हें पेन ड्राइव में सुरक्षित कर पुलिस को सौंप दिया गया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि शिकायत देने के बाद उन्हें और उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस के अनुसार, नौ जुलाई को डायल-112 पर मारपीट की सूचना मिली थी। उस समय परिजनों की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिलने के कारण मामला दर्ज नहीं हो सका। 12 जुलाई को शिकायत मिलने के बाद बच्चे का मेडिकल कराया गया। मेडिकल रिपोर्ट में दो चोटों का उल्लेख है तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों की राय भी मांगी गई है। सेक्टर-17 थाना पुलिस ने शिकायत, मेडिकल रिपोर्ट और उपलब्ध वीडियो के आधार पर मामला दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि वीडियो, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

About The Author