June 22, 2026

सोनीपत: घायल जवान का पूरा इलाज कराएगी पुलिस, अपराधियों पर सख्ती जारी : डीजीपी

Sonipat: Police to ensure full medical treatment for injured jawan; crackdown on criminals to continue: DGP

सोनीपत: हरियाणा पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल।

सोनीपत, अजीत कुमार। हरियाणा पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने सोमवार को कहा है कि प्रदेश में अपराध और अपराधियों के खिलाफ निर्णायक अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कानूनी तौर पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। डीजीपी ने कहा कि सोनीपत पुलिस की हालिया कार्रवाई अपराध नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता है, जिसने अपराध जगत को स्पष्ट संदेश दिया है कि प्रदेश में भय और असुरक्षा का माहौल बनाने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है।

डीजीपी अजय सिंघल ने मुठभेड़ में घायल हुए सीआईए-वन में तैनात मुख्य सिपाही देवेंद्र के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान बहादुरी, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देने वाले मुख्य सिपाही के इलाज का पूरा खर्च हरियाणा पुलिस उठाएगी। आमजन की सुरक्षा, शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

पुलिस विभाग के अनुसार सोनीपत के गांव अटायल निवासी गोपाल एक कुख्यात अपराधी था, जिसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट, आगजनी समेत लगभग दो दर्जन आपराधिक मामले दर्ज थे। उसे दो अलग-अलग हत्या मामलों में आजीवन कारावास की सजा मिल चुकी थी। फरवरी 2026 में वह 70 दिन की पैरोल पर जेल से बाहर आया था। इस दौरान उस पर अटायल में शराब ठेके पर हमला, तोड़फोड़, आगजनी, समालखा क्षेत्र से ब्रेजा कार चोरी तथा एक व्यक्ति पर जानलेवा फायरिंग करने के आरोप लगे। पैरोल समाप्त होने के बाद भी वह जेल नहीं लौटा और फरार चल रहा था।

पुलिस को सूचना मिली थी कि वह एक व्यक्ति की हत्या की नीयत से घूम रहा है। इसके बाद सीआईए-वन और सीआईए गन्नौर की संयुक्त टीम ने उसे पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अंधाधुंध फायरिंग कर दी। दो गोलियां पुलिस वाहनों पर लगीं, जबकि एक गोली मुख्य सिपाही देवेंद्र के हाथ में लगी।

आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में गोपाल घायल हो गया। उसे और घायल मुख्य सिपाही देवेंद्र को खानपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने गोपाल को मृत घोषित कर दिया। मुख्य सिपाही का उपचार जारी है। पुलिस आयुक्त सोनीपत ममता सिंह ने कहा कि सोनीपत पुलिस अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।

About The Author