May 8, 2026

सोनीपत उपायुक्त नेहा सिंह: अंतरराष्ट्रीय बागवानी मंडी निर्माण में रुकावटें जल्द दूर हों

Sonipat Obstacles in the construction of International Horticulture Market should be removed soon Deputy Commissioner

सोनीपत: भारत अंतरराष्ट्रीय बागवानी मंडी, गन्नौर में उपायुक्त नेहा सिंह निरीक्षण करते हुए।

सोनीपत, अजीत कुमार। गन्नौर में उपायुक्त नेहा सिंह ने शुक्रवार को भारत अंतरराष्ट्रीय बागवानी मंडी, गन्नौर का दौरा कर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मंडी निर्माण में आ रही सभी रुकावटों का समयबद्ध समाधान किया जाए और कार्य में देरी न हो। जिला प्रशासन व सरकार इस परियोजना को जल्द पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

बैठक में मंडी से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। इनमें वाल्मीकि आश्रम, हनुमान मंदिर, पीर स्थल और श्मशान घाट के स्थानांतरण तथा टेहा गांव से जुड़े पानी के विषय शामिल रहे। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि श्मशान घाट और टेहा गांव से संबंधित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए। गन्नौर बीडीपीओ राजेश कुमार को निर्देश दिए गए कि श्मशान घाट और वाल्मीकि आश्रम से जुड़े विषयों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें।

उपायुक्त ने मंडी परिसर में बनने वाली मूलभूत सुविधाओं की प्रगति पर भी चर्चा की। इनमें शेड, ट्रांसमिशन लाइन, आवासीय परिसर, प्रशिक्षण केंद्र, प्रयोगशाला, रात्रि ठहराव कक्ष, निर्यात उत्पादों के लिए अलग शेड, अग्निशमन केंद्र, टैक्सी स्टैंड और एक सौ बत्तीस केवी स्टेशन शामिल हैं। संबंधित विभागों को निर्माण नियमों के अनुसार कार्य तेज करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में एसडीएम गन्नौर प्रवेश कादियान, तहसीलदार ललिता, एचएसएएमबी के कार्यकारी अभियंता बिजेंद्र सिंह, ईआईएल के कार्यकारी अभियंता राकेश भट्ट, यूएचबीवीएन के कार्यकारी अभियंता प्रवीन गर्ग और जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता नवीन गोयत सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author