May 24, 2026

कामयाबी के कदम: रोमानिया में भारत का दमदार प्रदर्शन, सागर बने बेस्ट फाइटर

India's strong performance in Romania, Sagar named best fighter

सोनीपत: रोमानिया में आयोजित आठवीं वर्ल्ड क्वानकीड़ो इंटरनेशनल प्रतियोगिता के कांस्य पदक विजेता सागर।

  • यूरोप के देश रोमानिया में 22 से 24 मई 2026 तक तक हुई आठवीं वर्ल्ड क्वानकीड़ो इंटरनेशनल प्रतियोगिता
  • भारत के हरियाणा से सागर बिहार से रवि को मिले दो कांस्य

सोनीपत, अजीत कुमार। यूरोप के देश रोमानिया में 22 से 24 मई 2026 तक आयोजित आठवीं वर्ल्ड क्वानकीड़ो इंटरनेशनल प्रतियोगिता में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में भारत की 10 सदस्यीय टीम ने भाग लिया, जिसमें हरियाणा के स्मालखा स्थित यामिन इंटरनेशनल स्पोर्ट्स अकादमी के खिलाड़ी सागर ने कांस्य पदक जीतकर विशेष उपलब्धि हासिल की। इनको बेस्ट फाइटर चुना गया।

टीम इवेंट मुकाबलों में भारत का पहला मुकाबला इटली से हुआ, जिसमें भारतीय टीम ने शानदार जीत दर्ज की। इसके बाद फ्रांस के खिलाफ हुए मुकाबले में सागर ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए फ्रांस के खिलाड़ी को नॉकआउट कर दिया। पूरे टूर्नामेंट में यह एकमात्र नॉकआउट रहा, जिसके चलते सागर को प्रतियोगिता का बेस्ट फाइटर चुना गया।

ग्रुप अंक प्रणाली के आधार पर भारत को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। प्रतियोगिता में पहला स्थान रोमानिया, दूसरा स्थान फ्रांस, तीसरा स्थान भारत तथा चौथा स्थान इटली को मिला। भारतीय टीम की ओर से हरियाणा के सागर और बिहार के रवि ने शानदार भागीदारी निभाई तथा दोनों खिलाड़ियों ने कांस्य पदक हासिल किए।

भारतीय टीम के कोच अतुल पतंगोतरा और अजय दलाल रहे, जबकि टीम प्रबंधन की जिम्मेदारी सुनीलदत्त, नवीन और अभिषेक ने संभाली। टीम के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दमदार फाइटिंग प्रदर्शन करते हुए भारत की झोली में पदक डाले। प्रतियोगिता से लौट रही भारतीय टीम का 26 मई को भव्य स्वागत किया जाएगा। इंडिया क्वानकीड़ो फेडरेशन के उपाध्यक्ष यमीन खान ने बताया कि भारत की ओर से यह पहली टीम ने प्रतिभागिता की है और पहले ही दौरे में दो पदक भारत को मिला बड़ी उपलब्धि है। पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि भारतीय टीम आने वाली एशियन चैंपियनशिप और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में और बेहतर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि पहली बार इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय खिलाड़ियों ने आत्मविश्वास और संघर्ष का शानदार परिचय दिया है।

स्मालखा की पंचवटी कॉलोनी स्थित यामिन इंटरनेशनल स्पोर्ट्स अकादमी और पैतृक शहर गन्नौर में खुशी का माहौल है। अकादमी संचालक और वालीवुड ऐक्शन डायरेक्टर यामिन ने खिलाड़ियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी सहयोगियों और शुभचिंतकों काे धन्यवाद दिया। इस अवसर पर जितेंद्र मलिक, अनिल कुमार, जिंदा छाैक्कर बिलंदपुर, सुरेंद्र सरोहा, रणवीर तथा डीएसकेएस संस्था के सदस्यो के साथ सैकड़ों लोगों ने सागर को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

About The Author