सोनीपत क्राइम: सोनीपत में भटगांव हत्याकांड में दो सगे भाई पुलिस मुठभेड़ बाद गिरफ्तार
सोनीपत: हत्यारोपी पुलिस मुठभेड़ के बाद दोनों भाई काबू इनसेट में डीसीपी नरेंद्र सिंह कादियान जानकारी देते हुए।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत के गांव भटगांव के पास युवक की हत्या कर फरार हुए दो सगे भाइयों को पुलिस ने रविवार अल सुबह मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए खानपुर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया है। मामले में पुरानी रंजिश सामने आ रही है।
गांव भटगांव निवासी नवीन ने सदर थाना में दर्ज शिकायत में बताया कि उनका भाई बिट्टू शनिवार रात अपने साथी सागर के साथ बाइक पर गांव लौट रहा था। दोनों फैक्टरी से वापस आ रहे थे। जैसे ही वे गांव से पहले लुहारी टिब्बा रोड पर पहुंचे, तभी बाइक सवार मोहित और प्रिंस ने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर फेंक दिया। इसके बाद आरोपियों ने बिट्टू पर गोली चला दी। गोली उनके हाथ और सिर में लगी। हमले के दौरान सागर किसी तरह जान बचाकर मौके से भाग निकला। भटगांव गांव के प्रवीण ने आरोपियों की बहन के साथ लव-मैरिज की थी। इसी बात को लेकर दोनों परिवार के बीच रंजिश चली आ रही थी। प्रवीण के परिवार के बिट्टू की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल बिट्टू को खानपुर स्थित भगत फूल सिंह महिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद डीसीपी क्राइम नरेंद्र कादियान ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमों का गठन किया। रविवार सुबह सीआईए-एक प्रभारी राजीव की टीम को सूचना मिली कि दोनों आरोपी गांव जाजी पावर हाउस के पास से गुजरने वाले हैं। पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर दी। पुलिस टीम ने जब आरोपियों को रुकने का संकेत दिया तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। इस दौरान करीब तीन गोलियां चलाई गईं।
पुलिस ने बचाव में जवाबी कार्रवाई की। जवाबी फायरिंग में दोनों आरोपी मोहित और प्रिंस के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें काबू कर लिया। दोनों को उपचार के लिए खानपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
डीसीपी क्राइम नरेंद्र कादियान ने बताया कि मामला गांव की पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। आरोपियों से पूछताछ के बाद हत्या के पीछे के पूरे कारणों का खुलासा किया जाएगा।
