सोनीपत क्राइम: सोनीपत में तीन हजार रिश्वत लेते बिजली कर्मी रंगे हाथ गिरफ्तार
सोनीपत: एसीबी द्वारा रिश्वत मामले में काबू एएलएम।
सोनीपत, अजीत कुमार। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) रोहतक ने मंगलवार को सोनीपत के इंडस्ट्रियल एरिया में तैनात बिजली निगम के एएलएम को तीन हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। यह कार्रवाई आम लोगों से जुड़े मामलों में भ्रष्टाचार पर सख्त रुख का संकेत मानी जा रही है।
मामला दहिया कॉलोनी के एक दुकानदार से जुड़ा है, जो चारा काटने की दुकान चलाता है। शिकायत के अनुसार 10 अप्रैल 2026 को उसकी दुकान पर लगा बिजली मीटर बिल न भरने का हवाला देकर हटा दिया गया। दुकानदार ने नया मीटर लगवाने के लिए संबंधित कर्मचारी जयबीर सिंह से संपर्क किया। आरोप है कि कर्मचारी ने मीटर लगाने के बदले पांच हजार रुपये रिश्वत मांगी। दुकानदार ने इतनी राशि देने में असमर्थता जताई तो सौदेबाजी के बाद रकम तीन हजार रुपये तय कर दी गई।
पीड़ित ने पूरी जानकारी एसीबी की सोनीपत इकाई को दी। शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी रोहतक के दल ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार कालूपुर चुंगी क्षेत्र में जैसे ही आरोपी ने दुकानदार से तीन हजार रुपये लिए, दल ने मौके पर ही उसे पकड़ लिया। एसीबी ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अब यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी पहले भी इस तरह की घटनाओं में शामिल रहा है या नहीं। एसीबी ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत मांगता है तो तुरंत सूचना दें, ताकि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
