June 23, 2026

लखनऊ अग्निकांड: सोनीपत के भविष्य शर्मा की लखनऊ अग्निकांड में मौत हो गई

Bhavishya Sharma from Sonipat died in the Lucknow fire incident.

सोनीपत: लखनऊ में हुआ अग्निकांड।

सोनीपत, अजीत कुमार। लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड ने सोनीपत जिले के गांव महिपुर के एक परिवार की खुशियां छीन लीं। हादसे में 23 वर्षीय भविष्य शर्मा की मौत हो गई। भविष्य ने हाल ही में एनीमेशन का व्यावसायिक पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद लखनऊ स्थित एक एनीमेशन एवं गेमिंग संस्थान में नौकरी शुरू की थी। नौकरी जॉइन किए उसे केवल आठ दिन हुए थे।

जानकारी के अनुसार भविष्य शर्मा खरखौदा क्षेत्र के गांव महिपुर का निवासी था। परिवार और ग्रामीणों को उससे बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन अचानक हुए अग्निकांड ने उसके सपनों को अधूरा छोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही गांव महिपुर और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में सोमवार दोपहर बाद एक इमारत में आग लग गई। हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों में पांच महिलाएं और 10 पुरुष शामिल हैं। अधिकांश मृतक 20 से 30 वर्ष आयु वर्ग के बताए गए हैं।

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि भवन मालिक को नोटिस जारी कर पंद्रह दिन में जवाब मांगा गया है। उन्होंने कहा कि जवाब मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह इमारत रामेश्वरम इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट कॉलेज के मालिक वीरेंद्र शुक्ला की बताई गई है। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर वीरेंद्र शुक्ला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि भवन में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त प्रबंध नहीं थे। आपात स्थिति में बाहर निकलने का अलग रास्ता भी नहीं था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मुख्य गेट थंब इम्प्रेशन प्रणाली से संचालित होता था और आग लगने के दौरान उसे खोलने में देरी हुई। सूचना मिलने के बाद राहत एवं बचाव दल ने कई घंटों तक अभियान चलाकर लोगों को बाहर निकाला।

भविष्य शर्मा का शव परिजन गांव महिपुर लेकर पहुंचे, जहां अंतिम संस्कार किया गया। उसकी असमय मौत से पूरे क्षेत्र में गहरा दुख है। ग्रामीणों ने बताया कि भविष्य मेहनती, मिलनसार और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित युवक था। उसकी मौत से परिवार के साथ पूरे गांव को अपूरणीय क्षति पहुंची है।

About The Author