सोनीपत क्राइम: आरटीओ चालान लिंक से दो लाख की साइबर ठगी करने वाला ठग गिरफ्तार
सोनीपत: अंतरराज्यीय साइबर ठग गिरोह का सदस्य गिरफ्तार।
सोनीपत, अजीत कुमार। पुलिस ने आरटीओ चालान के नाम पर मोबाइल पर लिंक भेजकर दो लाख रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय साइबर ठग गिरोह का शुक्रवार को पर्दाफाश किया है। गिरोह के सदस्य मनफूल राम को राजस्थान के बीकानेर से गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त ममता सिंह और पुलिस उपायुक्त पश्चिम व साइबर कुशल पाल सिंह के नेतृत्व में की गई।
मामला गांव जटवाड़ा निवासी संजीव की शिकायत पर दर्ज हुआ। शिकायत के अनुसार एक जनवरी 2026 को उनके मोबाइल पर आरटीओ चालान के नाम से व्हाट्सएप संदेश आया। लिंक खोलते ही मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद 23 जनवरी 2026 को उनके बैंक खाते से नेट बैंकिंग के माध्यम से दो लाख रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित ने तुरंत बैंक के टोल फ्री नंबर पर सूचना दी।
साइबर थाना प्रभारी बसंत कुमार ने बताया कि जांच में सामने आया कि ठगों ने फर्जी वेबसाइट और नकली दस्तावेजों के आधार पर बैंक खाते खोलकर रकम ट्रांसफर की। मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया।
साइबर थाना सोनीपत के प्रबंधक निरीक्षक बसंत कुमार के नेतृत्व में टीम बनाई गई। टीम में सहायक उप निरीक्षक विनित, सहायक उप निरीक्षक नवीन, सिपाही नवीन और मुख्य सिपाही विनोद शामिल रहे। टीम ने तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बीकानेर में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने ठगी गई रकम में से बाइस हजार रुपये बैंक खातों में रुकवा दिए और छह सौ तीस रुपये नकद बरामद किए। एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
