सोनीपत: अगवानपुर में पांच समाजों को मिली 17 लाख की चौपाल की सौगात
गन्नौर: चौपाल के लोकर्पण के अवसर पर ग्रामीणों के साथ विधायक देवेंद्र कादियान।
- विधायक देवेंद्र कादियान ने किया लोकार्पण, सैन, प्रजापत, सुनार, जोगी और कश्यप समाज को मिलेगी सामूहिक कार्यक्रमों की सुविधा
गन्नौर, अजीत कुमार। गांव अगवानपुर में सैन, प्रजापत, सुनार, जोगी और कश्यप समाज को सामूहिक बैठकों एवं सामाजिक कार्यक्रमों के लिए नई चौपाल की सौगात मिली है। करीब 17 लाख रुपये की लागत से तैयार चौपाल का बुधवार को क्षेत्रीय विधायक देवेंद्र कादियान ने रिबन काटकर लोकार्पण किया। इस दौरान ग्रामीणों ने विधायक का फूलमालाओं और पगड़ी पहनाकर स्वागत किया।
विधायक देवेंद्र कादियान ने कहा कि गांवों का विकास केवल सड़कों और गलियों के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसी सामुदायिक सुविधाएं उपलब्ध करवाना भी जरूरी है, जो लोगों को आपस में जोड़ने और भाईचारे को मजबूत करने का काम करें। चौपाल ग्रामीण जीवन का महत्वपूर्ण केंद्र होती है, जहां लोग एकत्रित होकर सामाजिक विषयों पर चर्चा करते हैं और आपसी सहयोग की भावना को बढ़ावा देते हैं।
उन्होंने कहा कि पांच समाजों के लिए तैयार की गई यह चौपाल सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। क्षेत्र के विकास में ग्रामीणों की जरूरतों और सुझावों को प्राथमिकता दी जा रही है। गांवों में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर ग्रामीणों ने विधायक के समक्ष गांव में विकास कार्यों और मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी मांगें रखीं। विधायक ने उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में सरपंच मंजीत कुमार, पूर्व सरपंच रामचंद्र, सुभाष प्रजापत, रणसिंह सैन, मनोज सैन, मेहर सिंह प्रजापत सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।
