सोनीपत क्राइम: सोनीपत में पारिवारिक विवाद में पत्नी पर पति को चाकू मारने का आरोप
सोनीपत: एल्डिको काउंटी निवासी घायल नवीन कुमार।
सोनीपत, अजीत कुमार। बहालगढ़ थाना क्षेत्र स्थित एल्डिको काउंटी में बच्चे को लेकर हुए पारिवारिक विवाद में एक महिला पर अपने पति को चाकू मारने, दांतों से काटने, डंडे से पीटने और कार से टक्कर मारने का आरोप लगा है। घायल पति को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी चोटों पर टांके लगाए। पुलिस ने शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में एल्डिको काउंटी निवासी नवीन कुमार ने बताया कि वह अपने बच्चे तन्विक रोग राणा के साथ अर्धनारीश्वर मंदिर से घर लौटा था। वह बच्चे के साथ घर के अंदर ऊपर जा रहा था। इसी दौरान उसकी पत्नी कनिका चौधरी ने दरवाजा खोलते ही उस पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने से उसके कंधे और पेट के पास चोट आई और वह नीचे गिर गया। नवीन का आरोप है कि उसने वहां से भागने का प्रयास किया तो पत्नी ने उसे घर के अंदर ही रोक लिया। इस दौरान उसके हाथ पर दांतों से काटा और डंडे से पीटा। आरोप है कि पत्नी ने जान से मारने की धमकी देते हुए उसका गला दबाने का भी प्रयास किया। इसके बाद वह नीचे की तरफ चली गई।
शिकायतकर्ता के अनुसार, पत्नी बच्चे को अपने साथ ले जाने लगी। उसने बच्चे को बचाने का प्रयास किया तो महिला ने तेज रफ्तार से कार चलाकर उसे टक्कर मार दी। घायल अवस्था में नवीन सरकारी अस्पताल पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसकी मेडिकल रिपोर्ट तैयार की और कंधे व पेट के पास टांके लगाए।
बहालगढ़ थाना पुलिस के अनुसार, 9 नवंबर को एल्डिको काउंटी में झगड़े के दौरान नवीन के घायल होने की सूचना मिली थी। इस पर सहायक उपनिरीक्षक सोनिया अस्पताल पहुंचीं और मेडिकल रिपोर्ट प्राप्त की। रिपोर्ट में डॉक्टर ने कुल पांच चोटें दर्ज की हैं। चोटों की प्रकृति के बारे में अंतिम राय बाद में देने का उल्लेख किया गया है। पुलिस ने शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर कनिका चौधरी के खिलाफ मुकदमा नंबर 326 दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
