November 10, 2026

सोनीपत: शराब पीने के दौरान कहासुनी में डंडों से पीटकर युवक की हत्या

Sonipat: Man beaten to death with sticks following an argument while drinking alcohol

सोनीपत: घर पर विलाप करते परिवार के सदस्य इनसेट में मृतक मुकेश का फाइल फोटो।

  • ताजपुर गांव में ठेके के पीछे रास्ते पर मिला शव, दो युवकों पर हत्या का आरोप
  • मरने से पहले इंस्टाग्राम पर लगाई थी शराब की बोतलों के साथ स्टोरी, एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत के ताजपुर गांव में शराब ठेके के पीछे बने रास्ते पर मंगलवार सुबह एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक के सिर पर चोटों के निशान थे। उसकी पहचान गांव निवासी मुकेश (35) के रूप में हुई है। परिजनों ने गांव के ही पवन और निक्कू पर डंडों से हमला कर हत्या करने की आशंका व्यक्त की है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। एफएसएल टीम ने भी मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।

जानकारी के अनुसार, मुकेश सोमवार शाम घर से निकला था। वह गांव के ही पवन और निक्कू के साथ शराब ठेके के पीछे रास्ते पर बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी होने की आशंका है। आरोप है कि दोनों युवकों ने मुकेश के सिर पर डंडों से कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने रास्ते पर उसका शव पड़ा देखा तो परिजनों और पुलिस को सूचना दी।

हत्या से पहले मुकेश ने अपने इंस्टाग्राम खाते पर एक स्टोरी भी लगाई थी। इसमें वह कार में बैठा दिखाई दे रहा है। स्टोरी में शराब की बोतलें और सिगरेट भी नजर आ रही हैं। इसके साथ ही पृष्ठभूमि में आज दिन खुशियां दा सजना गाना बज रहा था। मुकेश की पत्नी मंजू ने बताया कि सोमवार शाम को घर से जाते समय उसने कहा था कि घर पर पूजा कर लो, मैं कुछ देर में आकर पूजा कर लूंगा। मंजू के अनुसार, मुकेश का किसी के साथ कोई झगड़ा नहीं था। परिवार अपना मकान बनवा रहा है और फिलहाल किराये के मकान में रह रहा है। मुकेश के दो बेटे और दो बेटियां हैं। वह ट्रॉला चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था।

ट्रॉला मालिक ने बताया कि मुकेश पिछले तीन साल से उसके पास चालक के रूप में काम कर रहा था। दिवाली के त्योहार के कारण वह तीन दिन पहले लुधियाना से सोनीपत अपने घर आया था। ग्रामीणों का भी कहना है कि मुकेश का गांव में किसी के साथ कोई विवाद नहीं था।

सूचना मिलने पर सुबह मुरथल थाना प्रभारी राजीव कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई करवाई। थाना प्रभारी राजीव कुमार के मुताबिक, मुकेश की हत्या के मामले में पवन और निक्कू पर आरोप लगाए गए हैं। मुकेश सोमवार शाम घर से निकला था और मंगलवार सुबह उसका शव मिला। परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया जाएगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

About The Author