सोनीपत: नमस्ते अभियान में वेस्ट पिकर्स को सुरक्षा किट, महापौर ने बढ़ाया सम्मान
सोनीपत: सेफ्टी जैकेट, दस्ताने, सुरक्षा जूते, मास्क, हेलमेट और बैग भेंट करते मेयर राजीव जैन।
सोनीपत, अजीत कुमार। नगर निगम सोनीपत ने भारत सरकार के ‘नमस्ते’ (एनएएमएएसटीई) कार्यक्रम के तहत कूड़ा बीनने वाले (वेस्ट पिकर्स) श्रमिकों को सुरक्षा किट वितरित कर उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान को प्राथमिकता देने का संदेश दिया। आयोजित समारोह में महापौर राजीव जैन ने लाभार्थियों को व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) प्रदान किए।
महापौर राजीव जैन ने कहा कि कूड़ा बीनने वाले शहर की स्वच्छता व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वे प्रतिदिन कठिन परिस्थितियों में कार्य करते हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना नगर निगम की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नगर निगम श्रमिकों के कल्याण के लिए लगातार जनहितकारी योजनाएं संचालित कर रहा है।
कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को सेफ्टी जैकेट, दस्ताने, सुरक्षा जूते, मास्क, हेलमेट और बैग सहित आवश्यक सुरक्षा सामग्री वितरित की गई। इन उपकरणों के नियमित उपयोग से कार्य के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं और स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों को काफी हद तक कम किया जा सकेगा।
महापौर ने बताया कि ‘नमस्ते’ कार्यक्रम का उद्देश्य वेस्ट पिकर्स को सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराना, उन्हें सामाजिक मुख्यधारा से जोड़ना तथा उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है। उन्होंने सभी लाभार्थियों से अपील की कि वे सुरक्षा किट का नियमित उपयोग करें और अपनी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
समारोह में नगर निगम के सीएसई सत्येंद्र दहिया, साहब सिंह, सतपाल सहित निगम के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में कूड़ा बीनने वाले श्रमिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता कर्मियों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके सुरक्षित भविष्य के लिए नगर निगम की प्रतिबद्धता दोहराई गई।
