October 19, 2026

कामयाबी के कदम: जयपुर में 30 दिसंबर को देश की टॉपर नैंसी सम्मानित की जाएगी

Steps to Success: National topper Nancy to be felicitated in Jaipur on December 30

सोनीपत: जेआरएफ की देश भर में प्रथम स्थान पाने वाली नैंसी वीरु यादव सम्मानित करते हुए।

  • नैंसी के मार्गदर्शक वीरू ने गांव ठरू टॉपर को दिया आशीर्वाद
  • सास सरोज बाला ने कहा कि बेटियों की शिक्षा जरूरी नैंसी इसकी मिसाल
  • ससुर अशोक कुमार बोले- यह गौरवशाली पल, नैंसी युआओं के लिए प्रेरक
  • जिला महामंत्री नीरज कुमार ठरू बोले- नैंसी के क्रम की खुशबू जीवन महकती है 

सोनीपत, अजीत कुमार। जेआरएफ में देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त कर नैंसी ने अपनी प्रतिभा और मेहनत का लोहा मनवाया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि पर उनके मार्गदर्शक अध्यापक वीरू यादव ने सोमवार को सोनीपत के गांव ठरू में पहुंच कर उनका स्वागत किया बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर ठरू गांव की सरपंच एवं नैंसी की सास सरोज बाला मौजूद रहे। नैंसी की सफलता से परिवार और क्षेत्र के लोग उत्साहित हैं।

इस मौके पर नैंसी के मार्गदर्शक अध्यापक वीरू यादव ने कहा कि नैंसी की उपलब्धि उनकी मेहनत, लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का परिणाम है। जब कोई विद्यार्थी अपनी मेहनत से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाता है, तो यह उसके गुरुजनों के लिए भी गर्व का क्षण होता है। नैंसी ने साबित किया है कि दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

ठरु पंचायत की सरपंच और नैंसी की सास सरोज बाला ने कहा कि नैंसी ने अपनी उपलब्धि से परिवार का नाम रोशन किया है। उन्हें अपनी बहू की सफलता पर गर्व है। उन्होंने कहा कि बेटियों को शिक्षा और आगे बढ़ने के अवसर मिलने चाहिए, क्योंकि उनकी प्रतिभा परिवार और समाज दोनों का मान बढ़ाती है।

भाजपा जिला महामंत्री नीरज कुमार ठरू ने नैंसी को बधाई देते हुए कहा कि जेआरएफ में देश में टॉपर होना उनकी असाधारण मेहनत, प्रतिभा और अनुशासन का परिचायक है। नैंसी ने अपनी उपलब्धि से परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। बेटियां समाज के लिए प्रेरक हैं। उनकी सफलता युवाओं को शिक्षा के प्रति समर्पित रहने और बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने नैंसी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि बेटियों को आगे बढ़ने के समान अवसर देना समाज की जिम्मेदारी है।

नैंसी के ससुर अशोक कुमार ने कहा कि यह उपलब्धि नैंसी की मेहनत और समर्पण का परिणाम है। परिवार ने हमेशा उनके प्रयासों को प्रोत्साहित किया है और आगे भी उनके सपनों को पूरा करने में पूरा सहयोग देगा।

नैंसी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरुजनों, परिवार और निरंतर मेहनत को देते हुए कहा कि किसी भी परीक्षा में सफलता पाने के लिए लक्ष्य निर्धारित करना, अनुशासन बनाए रखना और लगातार प्रयास करना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को असफलताओं से निराश न होकर अपने लक्ष्य की ओर बढ़ते रहने का संदेश दिया। नैंसी को 30 दिसंबर को जयपुर में आयोजित होने वाले फाउंडेशन डे समारोह में सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उनकी उपलब्धि को नई पहचान देने के साथ-साथ अन्य युवाओं को भी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा।

About The Author