October 16, 2026

सोनीपत: एड्स जागरूकता के लिए 140 प्रतिभागियों ने निकाली मैराथन

Sonipat: 140 participants took part in a marathon for AIDS awareness

सोनीपत: विधायक निखिल मदान प्रतिभागियों के साथ।

सोनीपत, अजीत कुमार। एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता फैलाने और बीमारी से जुड़ी भ्रांतियां दूर करने के उद्देश्य से राजकीय महिला कॉलेज, सेक्टर-12 से पांच किलोमीटर लंबी जागरूकता मैराथन गुरुवार को निकाली गई। विधायक निखिल मदान ने मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसमें प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए 140 बच्चों ने शिरकत की।

विधायक निखिल मदान ने कहा कि एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता फैलाना केवल स्वास्थ्य विभाग की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। सही जानकारी, समय पर जांच और बचाव के उपाय अपनाकर संक्रमण के प्रसार को रोकने में मदद मिल सकती है। युवाओं की भागीदारी ऐसे संदेशों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में अहम है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को इस बीमारी से बचाव और जांच के बारे में जागरूक करें।

मदान ने कहा कि एचआईवी से प्रभावित लोगों के साथ सम्मान और संवेदनशीलता से पेश आना चाहिए। बीमारी को लेकर गलत धारणाएं और सामाजिक भेदभाव प्रभावित लोगों की मुश्किलें बढ़ाते हैं। इसलिए किसी के साथ भेदभाव करने के बजाय उसे सहयोग देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक जानकारी का प्रसार करने और लोगों को समय पर स्वास्थ्य जांच व उचित चिकित्सा सुविधा लेने के लिए प्रेरित करने में ऐसे अभियान अहम भूमिका निभाते हैं। विधायक ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां अपनाने के साथ एचआईवी/एड्स के बारे में सही जानकारी दूसरों तक पहुंचानी चाहिए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सिविल सर्जन डॉ. अलंकृता गेरा ने की। एचआईवी विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. तरुण यादव ने अपनी टीम के साथ आयोजन कराया। मैराथन में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागियों को धनराशि के चेक देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान मोहन सिंह मनोचा, जितेंद्र कामरा, प्रवीण वर्मा, सुरेंद्र सोलंकी, राधा और सुभाष सिसोदिया सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

About The Author