सोनीपत: तीन कालोनियों में सीवर ओवरफ्लो परेशान लोगों ने जताया विरोध
सोनीपत: सीवर के ओवरफ्लो गंदे पानी में खड़े होकर रोष प्रदर्शन करते हुए कालोनी वासी व जनप्रतिनिधि।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत में वार्ड 21 के मयूर विहार, गढ़ी ब्राह्मण सरस्वती विहार में सीवर ओवरफ्लो होने से गलियों में गंदा पानी भर गया है। इससे लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। रविवार को समस्या के विरोध में मयूर विहार गली संख्या चौबीस में जिला पार्षद संजय बड़वासनिया ने अपने शरीर को पॉलिथीन और टेप से लपेटकर गंदे पानी से पैदल गुजरते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
संजय बड़वासनिया ने कहा कि समय पर सीवर लाइन की सफाई नहीं होने और नालों की निकासी बाधित होने से पूरी कॉलोनी में गंदा पानी भर गया है। बदबू के कारण लोगों का घरों में रहना भी मुश्किल हो गया है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने बताया कि कई दिन पहले नगर निगम आयुक्त को शिकायत देकर जल्द समाधान का आश्वासन मिला था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदार केवल फोटो खिंचवाकर लौट जाते हैं, जबकि मौके पर प्रभावी काम नहीं किया जा रहा। खानापूर्ति के कारण समस्या लगातार बढ़ती जा रही है और लोगों को नारकीय जीवन जीना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द जल निकासी और सीवर व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो कॉलोनी के लोग एकजुट होकर नगर निगम कार्यालय का घेराव करेंगे। इस दौरान जोगिंदर, राजवीर, सतीश, विकास, कुलदीप, अनूप दहिया, मोहित दहिया, अमित दहिया, चिंटू, राजेश, रामदिया, रामफल, जगविंदर, राज नारायण और अन्य कॉलोनीवासी मौजूद रहे।
