July 5, 2026

गन्नौर में विकास को मिली नई रफ्तार: 44 लाख के विकास कार्यों का शुभारंभ, बैंक ऑफ महाराष्ट्र की नई शाखा भी शुरू

Development in Gannaur gains new momentum- Development works worth ₹44 lakh inaugurated; new Bank of Maharashtra branch also opened. Gjd News 2026

गन्नौर: 44 लाख के विकास कार्यों का शुभारंभ करते विधायक।

गन्नौर, अजीत कुमार। गन्नौर विधानसभा क्षेत्र में शनिवार को विकास और आर्थिक सशक्तिकरण से जुड़ी दो महत्वपूर्ण सौगातें मिलीं। क्षेत्रीय विधायक देवेंद्र कादियान ने गांव सैय्याखेड़ा में लगभग 44 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया, वहीं शहर के रेलवे रोड पर बैंक ऑफ महाराष्ट्र की नई शाखा का शुभारंभ भी किया। विधायक ने कहा कि सड़क, बिजली, बैंकिंग और अंतरराष्ट्रीय बागवानी मंडी जैसी परियोजनाएं गन्नौर को नई पहचान देने के साथ क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति देंगी।

सैय्याखेड़ा में विधायक ने 23.95 लाख रुपये की लागत से पीडब्ल्यूडी रोड से जगदीश के खेत तक करीब 1.38 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इसके अलावा कुलबीर से राममेहर तक 5.50 लाख रुपये तथा पीडब्ल्यूडी रोड से अत्तर सिंह तक 3.85 लाख रुपये की लागत से बनने वाले मार्गों का भी शिलान्यास किया। पंडित वाली गली और स्कूल वाली गली के निर्माण कार्य पूर्ण होने पर उनका उद्घाटन भी किया गया।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने जलभराव, बिजली आपूर्ति और उखड़े हुए सड़क ब्लॉकों की समस्या विधायक के समक्ष रखी। इस पर विधायक ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में चार नए बिजली उपकेंद्र तैयार हैं और उनके पूर्ण रूप से चालू होने के बाद बिजली आपूर्ति में उल्लेखनीय सुधार होगा।

विधायक कादियान ने कहा कि निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय बागवानी मंडी शुरू होने से किसानों को अपनी उपज का बेहतर बाजार मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि दिसंबर तक मंडी शुरू हो सकती है और इसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों कराने का प्रयास किया जाएगा।

इसके बाद विधायक ने रेलवे रोड स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र की नई शाखा का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि नई शाखा खुलने से शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बचत खाते, ऋण, डिजिटल बैंकिंग तथा सरकारी योजनाओं सहित आधुनिक बैंकिंग सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर मिलेगा। उन्होंने कहा कि गन्नौर में औद्योगिक विस्तार, रेल कोच कारखाना और अंतरराष्ट्रीय बागवानी मंडी जैसी परियोजनाओं के चलते बैंकिंग सेवाओं की मांग लगातार बढ़ेगी और यह शाखा क्षेत्र के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। बैंक अधिकारियों ने भी ग्राहकों को बेहतर और तकनीक आधारित बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।

About The Author