July 1, 2026

सोनीपत मेयर राजीव जैन: सीवर और दूषित जल पर सख्ती, लापरवाह ठेकेदारों पर लगेगा जुर्माना

Sonipat Mayor Rajiv Jain: Strict action on sewer and contaminated water issues; negligent contractors to face fines.

सोनीपत: जनता से संवाद करते मेयर राजीव जैन।

सोनीपत, अजीत कुमार। लाइनपार क्षेत्र में सीवर जाम और दूषित पेयजल की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। नगर निगम मेयर राजीव जैन की अध्यक्षता में पार्षदों, अधिकारियों और ठेकेदारों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें स्पष्ट चेतावनी दी गई कि लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। कार्य में कोताही बरतने वाले ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया जाएगा।

बैठक में अतिरिक्त आयुक्त हर्षित कुमार, कार्यकारी अभियंता पद्म भूषण और राहुल पुनिया, उपमंडल अभियंता मंजीत दहिया, कनिष्ठ अभियंता राहुल दहिया और विकास कुमार, ठेकेदार केतन आनंद व अजय खत्री, पार्षद राजकुमार शर्मा, दीपमाला, नवीन कुमार, राजेश मलिक, अनुराग जैन, संजय बड़वासनी सहित संबंधित सुपरवाइजर उपस्थित रहे।

बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रत्येक दो वार्डों के लिए एक विशेष टीम तैनात की जाएगी, जो केवल सीवर संबंधी समस्याओं का समाधान करेगी। बरसात के मौसम को देखते हुए मोटरों की नियमित देखरेख, अतिरिक्त जनशक्ति की व्यवस्था तथा बिजली बाधित होने की स्थिति में जनरेटर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

मेयर राजीव जैन ने पार्षदों से अपील की कि वे सुबह समय रहते अपने-अपने क्षेत्र की शिकायतें सुपरवाइजर को उपलब्ध कराएं, ताकि उनका शीघ्र समाधान किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पंपसेट उपलब्ध रखने और नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मेयर ने कहा कि नागरिकों को स्वच्छ पेयजल और बेहतर सीवर व्यवस्था उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। लापरवाही करने वाले किसी भी अधिकारी या ठेकेदार के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

About The Author